जदयू दफ्तर में कार्यकर्ताओं से मिले मुख्यमंत्री, कहा- खूब मेहनत करें
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार सोमवार को अचानक जदयू दफ्तर पहुंचे। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से मुलाकात की और संगठन को मजबूत बनाने की नसीहत दी। उन्होंने एससी प्रकोष्ठ के उपाध्यक्ष की ताड़ी से प्रतिबंध...

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार सोमवार को दिन में अचानक जदयू दफ्तर पहुंच गए। वहां उन्होंने 25 मिनट समय व्यतीत किया। इस दौरान उन्होंने पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं से मुलाकात की और उनसे बातचीत की। मुख्यमंत्री ने कार्यकर्ताओं को बढ़िया से काम करने की नसीहत भी दी और कहा कि पार्टी संगठन को मजबूत बनाने के लिए खूब मेहनत करें। मुख्यमंत्री सुबह 11.15 बजे जदयू दफ्तर पहुंचे। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा और विधानपार्षद संजय गांधी ने उनका स्वागत किया। इस दौरान पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजीव रंजन और किसान प्रकोष्ठ के मनोज कुमार भी वहां मौजूद थे। मुख्यमंत्री कुछ देर तक दफ्तर परिसर में घूमने के बाद वे अपने कमरे में चले गए।
वहां थोड़ी देर बैठे और पार्टी नेताओं से बातचीत की। फिर वहां से निकलकर बाहर पहुंचे। वहां उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं का हाल-चाल जाना। इसी बीच एससी प्रकोष्ठ के उपाध्यक्ष मुन्ना चौधरी ने मुख्यमंत्री से ताड़ी से प्रतिबंध हटाने का अनुरोध किया। उन्होंने कहा कि इससे पार्टी को नुकसान हो रहा है। उन्होंने इस संबंध में मुख्यमंत्री को आवेदन पत्र भी दिया। मुख्यमंत्री ने तत्काल प्रदेश अध्यक्ष को उनकी बात का संज्ञान लेने और अग्रतर कार्रवाई का निर्देश दिया। साथ ही उन्हें भी जानकारी उपलब्ध कराने को कहा। इसके बाद मुख्यमंत्री वहां से निकल गए। जदयू दफ्तर के बाहर भी बड़ी संख्या में लोगों ने हाथ हिलाकर मुख्यमंत्री का स्वागत किया। साथ ही उनके जिंदाबाद के नारे लगाए। मुख्यमंत्री ने भी हाथ हिलाकर उनके अभिवादन का जवाब दिया।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।