एक राष्ट्र, एक चुनाव के लिए करना होगा आंदोलन: शिवराज
केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने 'एक राष्ट्र, एक चुनाव' का समर्थन करते हुए कहा कि इसके लिए छात्रों और शिक्षकों को आंदोलन करना होगा। उन्होंने संविधान में संशोधन कर एक साथ चुनाव कराने की...

केन्द्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि एक राष्ट्र, एक चुनाव के लिए बड़ा आंदोलन करना होगा। इसके लिए छात्रों के साथ शिक्षकों, व्यावसायिक संगठनों समेत तमाम वर्गों के लोगों को सड़क पर उतरना होगा। अगर सही मायने में देश का विकास चाहते हैं तो एक राष्ट्र, एक चुनाव आज की जरूरत है। पटना के कंकड़बाग स्थित पाटलिपुत्र विश्वविद्यालय के रामकृष्ण द्वारिका कॉलेज में शनिवार को एक राष्ट्र, एक चुनाव पर आयोजित परिचर्चा में केन्द्रीय मंत्री ने यह बातें कहीं। उन्होंने कहा कि संविधान में संशोधन कर लोकसभा और सभी राज्यों में एक साथ विधानसभा चुनाव कराने का प्रस्ताव लाना चाहिए। लगातार चुनाव होने से देश की प्रगति रुकती है। चुनाव आते ही आदर्श आचार संहिता लग जाती है। इससे चुनाव वाले राज्य का विकास रुक जाता है। उन्होंने कॉलेज के प्राचार्य प्रो. जगन्नाथ प्रसाद गुप्ता और कार्यक्रम संयोजक प्रो. रणवीर नंदन को इस मौजू सवाल पर परिचर्चा कराने के लिए धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि चुनी हुई सरकारों को भंग करने का पाप कांग्रेस ने किया। पहले देश में एक साथ चुनाव होते रहे हैं। आज अलग-अलग चुनाव कांग्रेस के पापों का नतीजा है। केंद्रीय कृषि मंत्री ने कहा कि पांच साल में सिर्फ एक बार चुनाव होना चाहिए। एक बार ही मतदाता सूची बननी चाहिए। इसमें सभी पार्टियों को आगे आकर कार्य करना चाहिए। इससे देश का पैसा बचेगा।
उन्होंने आगे कहा कि एक राष्ट्र, एक चुनाव के लिए देश में वैचारिक बहस कौन छेड़ेगा। छात्रों को आगे आना चाहिए। सड़कों पर आंदोलन करना होगा। आप जन जागरण फैलाएं। इस आभा को बुलंद करें। छात्रों और शिक्षाओं का फोरम बनाकर एक चुनाव के अभियान चलाएं। अंत में मंत्री ने कॉलेज की केन्द्रीय लाइब्रेरी का भ्रमण किया। बेहतर लाइब्रेरी के लिए कॉलेज प्राचार्य को बधाई दी।
वहीं, स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय ने पूरे देश में एक साथ विधानसभा और लोकसभा चुनाव कराने पर बल दिया। कहा कि जनता के पैसे का सही इस्तेमाल होना जरूरी है। अतिथियों का स्वागत कॉलेज के प्राचार्य प्रो. जगन्नाथ प्रसाद गुप्ता और विषय प्रवेश कार्यक्रम संयोजक प्रो. रणवीर नंदन ने कराया। मौके पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल, उपमुख्यमंत्री विजय सिन्हा, डॉ, शैलजा सिन्हा, डॉ. स्मिता विदैही आदि मौजूद रहीं।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।