सरल गणित करने में कमजोर बच्चे आयेंगे गणितीय समर कैंप में
सीवान के सरकारी स्कूलों में 20 मई से 20 जून तक गणितीय समर कैंप का आयोजन होगा। इसमें कक्षा 5 और 6 के कमजोर छात्रों को गणित में विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा। कैंप का उद्देश्य बच्चों की गणितीय कौशल को...

सीवान, हिन्दुस्तान संवाददाता। गर्मी की छुट्टी का सही सदुपयोग छात्र-छात्राएं कैसे करें, इसके लिए स्कूलों में समर कैंप के दौरान गणितीय समर कैंप लगाया जायेगा। जिले के सरकारी स्कूलों में 20 मई से 20 जून तक लगने वाले गणितीय समर कैंप के दौरान कक्षा 5 व 6 के कमजोर रूप से चयनित छात्र-छात्राओं को गणित विषय में विशेष वर्ग चलाकर दक्ष किया जाएगा। कैंप में उन्हीं बच्चों को शामिल किया जाएगा, जो सरल गणित करने में कमजोर हैं। गणितीय समर कैंप गांव व टोला स्तर पर लगेगा, जहां प्रत्येक कैंप में 10 से 15 छात्र-छात्राएं शामिल होंगे। बहरहाल, सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले कक्षा 5 व 6 के कमजोर छात्र-छात्राओं के लिए इस बार गर्मी की छुट्टियों में समर कैंप लगाया जाएगा।
इसमें उन्हें गणित विषय की शिक्षा दी जाएगी। इस बीच इस संदर्भ में विभागीय निर्देशानुसार के बाद जिला शिक्षा कार्यालय ने गणितीय समर कैंप की तैयारी शुरू कर दी है। शिक्षा विभाग ने 21 मई से 20 जून तक यह कैंप चलाने का फैसला लिया है। शैक्षणिक सत्र 2025- 26 के प्रारंभिक विद्यालयों में अध्ययनरत व गणित में कमजोर छात्र-छात्राओं के लिए प्रथम संस्था के सहयोग से गणितीय समर कैंप का आयोजन किया जा रहा है। इन कक्षाओं के चयनित बच्चों में गणितीय कौशल का विकास किया जाएगा। यह कैंप गांव व टोला स्तर पर आयोजित होगा। इसका उद्देश्य बच्चों की गणितीय कौशल की क्षमता को मजबूत करना है। समर कैंप में भाग लेंगे तकनीक व इंजीनियरिंग के छात्र-छात्राएं सरकारी स्कूलों में लगने वाले गणितीय समर कैंप में समर कैंप के संचालक तकनीक व इंजीनियरिंग के छात्र-छात्राएं होंगे। इस संदर्भ में प्राथमिक शिक्षा की निदेशक ने डीईओ व डीपीओ समग्र शिक्षा को पत्र जारी कर निर्देशित किया है। पत्र में इस बात का उल्लेख किया गया है कि समर कैंप के सफल संचालन के लिए बड़ी संख्या में स्वयंसेवकों की आवश्यकता होगी। इसके लिए विभिन्न वर्गों से आने वाले छात्र-छात्राओं की सहायता ली जाएगी। डायट के प्रशिक्षु, बिहार कौशल विकास मिशन के तहत कुशल युवा कार्यक्रम में नामांकित छात्र छात्राएं, एनसीसी कैडेट, शिक्षा सेवक, पॉलिटेक्निक एवं इंजीनियरिंग कॉलेज के छात्र छात्राएं, जीविका दीदी द्वारा प्रेरित युवक युवतियां, नेहरू युवा केन्द्र के सदस्य, प्रथम संस्था व अन्य स्वयंसेवी संस्थाओं के कार्यकर्ता व समाज के शिक्षित युवक-युवतियां को प्रशिक्षण दिया जाएगा। असर टूल्स के माध्यम से बच्चों का चयन कर चिह्नित बच्चों के साथ प्रतिदिन प्रशिक्षित स्वयंसेवक एक से डेढ़ घंटे तक गणित विषय पर विशेष प्रशिक्षण उनके गांव व टोलों में जाकर देंगे। प्रत्येक कैंप में 10 से 15 छात्र छात्राएं शामिल हो सकेंगे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।