महिला जिम ट्रेनर की बहादुरी को सलाम, स्कूटी लेकर भाग रहे 3 चोरों के छुड़ाये छक्के, एक गिरफ्तार
महिला जिम ट्रेनर पिंकी कुमारी ने साहस का परिचय देते हुये स्कूटी चुराकर भाग रहे तीन चोरों को पकड़ लिया। इनमें दो भाग निकले जबकि एक को पुलिस गिरफ्तार कर अपने साथ ले गयी। यह वाकया पटना कॉलेज में शनिवार...

महिला जिम ट्रेनर पिंकी कुमारी ने साहस का परिचय देते हुये स्कूटी चुराकर भाग रहे तीन चोरों को पकड़ लिया। इनमें दो भाग निकले जबकि एक को पुलिस गिरफ्तार कर अपने साथ ले गयी। यह वाकया पटना कॉलेज में शनिवार की सुबह हुआ।
महिला जिम ट्रेनर का नाम पिंकी कुमारी है। वहीं पुलिस के हत्थे चढ़ा अशिम कुमार है। वह खगड़िया जिले के चित्रगुप्तनगर थाना इलाके के सर्वोदय नगर निवासी अशोक कुमार मंडल का बेटा है। इस घटना में उसका भाई अमृतांशु कुमार व एक अन्य युवक शामिल था। पीरबहोर थानेदार रिजवान अहमद खान ने बताया कि सुबह के वक्त पिंकी पटना कॉलेज टहलने गयी थीं। जब वो वापस लौटीं तो देखा कि तीन लड़के उनकी स्कूटी को मिंटो हॉस्टल की ओर ले जा रहे हैं।
पिंकी ने यह देखकर शोर-शराबा करना शुरू किया तो तीनों युवक उनसे भिड़ गये। उन्होंने रॉड से पिंकी पर हमला कर दिया। इसके बावजूद वह हिम्मत नहीं हारी और तीनों चोरों को पकड़ लिया। इस दौरान दो भाग निकले जबकि एक पकड़ा गया। इसी बीच पीरबहोर थाने की पुलिस भी मौके पर पहुंच गयी। पकड़े गये युवक की मां एक राजनीतिक दल से जुड़ी है।
पुलिस को धमकी देने लगा आरोपित
थाने ले जाने के दौरान आरोपित पुलिस को धमकी देने लगा। उसने अपने मां-बाप के ऊपरी पहुंच का हवाला दकर पुलिस पर दबाव बनाने की कोशिश की। बाद में आरोपित की मां ने भी पुलिस से बातचीत की लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ। पुलिस ने आरोपित के पर केस दर्ज कर लिया है। पीरबहोर थानेदार के मुताबिक अशिम का भाई पूर्व में सिपाही के साथ मारपीट करने के मामले में जेल जा चुका है।
महिला जिम ट्रेनर ने सराहनीय काम किया है। आम लोगों से अपील है कि अगर ऐसी किसी घटना पर उनकी नजर पड़ती है तो वे तुरंत पुलिस को खबर करें।
-उपेंद्र शर्मा, एसएसपी