आरा: युवक की गोली मारकर हत्या, मौत से पहले हाथ में पिस्टल लिए फेसबुक पर था लाइव
बिहार के आरा शहर के उदवंतनगर थाना क्षेत्र के दक्षिण एकौना गांव में रविवार को एक युवक की गोली मार हत्या कर दी गई। युवक की मौत घटनास्थल पर ही हो गई। मृतक एकौना निवासी विनोद सिंह का 26 वर्षिय पुत्र...

बिहार के आरा शहर के उदवंतनगर थाना क्षेत्र के दक्षिण एकौना गांव में रविवार को एक युवक की गोली मार हत्या कर दी गई। युवक की मौत घटनास्थल पर ही हो गई। मृतक एकौना निवासी विनोद सिंह का 26 वर्षिय पुत्र सुमित सिंह था। मौत के पहले वह फेसबुक लाइव भी हुआ था और पत्नी पर कई सवाल उठाए थे। गोली लगने से मौत की सूचना पर उदवंतनगर थाने की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को आरा सदर अस्पताल में पोस्टमार्टम के लिए ले गई।
मौत की खबर से गांव में सनसनी फैल गई तो परिजनों में कोहराम मच गया। जानकारी के अनुसार रविवार की दोपहर से ही एकौना गांव से सटे वास्तु बिहार कॉलनी के सामने बागीचे में कुछ लोग मीट खाने के साथ शराब पी रहे थे। शाम करीब छह बजे अचानक गोली चलने की आवाज सुनी गई।
थोड़ी देर बाद हल्ला होने लगा कि युवक सुमित की गोली लगने से मौत हो गई है। उसके परिजनों के साथ स्थानीय पुलिस को सूचना दी गई। पिता सहित अन्य लोग पहुंचे तो सुमित मृत पाया गया। मृतक के पास से मीट व शराब की बोतलें भी मिली हैं पर कोई हथियार नहीं मिला। पुलिस जांच कर रही है।
पिता ने दर्ज कराया फर्दबयान
मृतक के पिता विनोद सिंह ने पुलिस के समक्ष अपना फर्दबायान दर्ज कराते हुए अज्ञात दोस्तों पर बेटे की हत्या का आरोप लगाया है। जमादार बीके शर्मा ने बताया कि मृतक के पिता के अनुसार उनका बेटा कुछ अज्ञात युवकों के साथ चंपारण हांडी मीट हाउस से मीट लाने गया था। मीट खाने के दौरान ही दोस्तों की ओर से गोली मार हत्या कर दी गई है।
आत्महत्या करने की भी हो रही है चर्चा
उदवंतनगर के एकौना गांव में युवक की हत्या के मामले में आत्महत्या की भी चर्चा की जा रही है। बताया जा रहा है कि मृत युवक सुमित अपनी मौत से महज कुछ देर पहले ही अपने फेसबुक पर लाइव आया था। लाइव के दौरान युवक के हाथ में पिस्तौल भी देखा जा रहा है। लिहाजा मौत के बाद देर शाम होते-होते गांव सहित दोस्तों में फेसबुक लाइव की चर्चा होने लगी। लोगों का कहना है कि युवक अपने कुछ दोस्तों के साथ शराब पार्टी मना रहा था।