nature safari at rajgir to be opened for people by march bihar glass bridge मार्च तक लोगों के लिए खोल दी जाएगी नेचर सफारी, ग्लास ब्रिज पर कर पाएंगे सैर, Bihar Hindi News - Hindustan
Hindi NewsBihar Newsnature safari at rajgir to be opened for people by march bihar glass bridge

मार्च तक लोगों के लिए खोल दी जाएगी नेचर सफारी, ग्लास ब्रिज पर कर पाएंगे सैर

राजगीर में निर्माणाधीन नेचर सफारी मार्च तक लोगों के लिए खोल दिया जाएगा। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सभी कार्य जल्द-से-जल्द पूरा करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही, कहा है कि सफारी में निर्माण...

Abhishek Tiwari हिन्दुस्तान, पटनाSat, 19 Dec 2020 09:21 PM
share Share
Follow Us on
मार्च तक लोगों के लिए खोल दी जाएगी नेचर सफारी, ग्लास ब्रिज पर कर पाएंगे सैर

राजगीर में निर्माणाधीन नेचर सफारी मार्च तक लोगों के लिए खोल दिया जाएगा। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सभी कार्य जल्द-से-जल्द पूरा करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही, कहा है कि सफारी में निर्माण कराए जा रहे ग्लास फ्लोर ब्रिज भी मार्च तक तैयार हो जाएगा। यह देश का दूसरा इस तरह का पुल है। मुख्यमंत्री शनिवार को राजगीर पहुंचे और नेचर सफारी और जू सफारी के कार्यों का जायजा लिया।

निरीक्षण के बाद पत्रकारों से मुख्यमंत्री ने कहा कि हमने राजगीर में नेचर सफारी के साथ-साथ जू सफारी बनाने की बात कही थी। इसका बेहतर ढंग से निर्माण किया जा रहा है। यहां आकर देखने और घूमने से युवा पीढ़ी को प्रकृति के संबंध में काफी जानकारियां मिलेंगी और वे पर्यवारण के प्रति सजग होंगे। यहां आने वाले पर्यटकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पुलिस की स्थायी तैनाती की जाएगी। ताकि गलत प्रवृत्ति का व्यक्ति किसी को नुकसान नहीं पहुंचाए। तकनीकी विशेषज्ञों की भी यहां नियमित तैनाती रहेगी। नेचर सफारी में रात में सैर पर पाबंदी रहेगी। बावजूद, यहां 24 घंटे पुलिस तैनात रहेगी।

पर्यटकों का ठहराव बढ़ाने के कई परियोजनाएं
मुख्यमंत्री ने कहा कि राजगीर को देश के बड़े टूरिस्ट हब के रूप में विकसित करने की कड़ी में ही इन सफारियों का निर्माण किया जा रहा है। पर्यटकों का ठहराव बढ़ाने के लिए यहां कई बड़ी परियोजनाओं पर काम चल रहा है। यहां आने वाले तमाम सैलानियों की बेहतर सुरक्षा के इंतजाम करने के साथ ही वैश्विक स्तर की सुविधाएं दी जाएंगी। राजगीर में स्थापित नालंदा विश्वविद्यालय हो या पुलिस ट्रेनिंग सेंटर, स्पोर्ट्स एकेडमी हो या अन्य प्रतिष्ठान व सामन्य लोग, सभी को शोधित गंगाजल उपलब्ध कराया जाएगा।

हॉकी मैदान में हेलीकॉप्टर से उतरने के बाद उन्होंने सीधे अपने ड्रीम प्रोजेक्ट को देखने के लिए नेचर सफारी की ओर रुख किया। वे जंगल के बीच प्रकृति की गोद में बन रही नेचर सफारी को देख काफी रोमांचित हुए। ग्लास फ्लोर ब्रिज पर चढ़कर उसका मुआयना किया। उसकी सुरक्षा के लिए चारों ओर से घरेराबंदी के साथ ही टेक्निशियन की तैनाती का आदेश डीएफओ डॉ नेशामणि के. को दिया।

जंगल में होंगे लघु बिहार के दर्शन
सीएम ने कहा कि नेचर सफारी में स्वाई वॉक के साथ ही कई तरह के रोमांच से भरे एडवेंचरों की स्थापना की गयी है। बिहार दर्शन के तहत सूबे के सभी 38 जिलों की धरोहरों की बेहतर प्रदर्शनी होगी। यह जंगल के बीच लघु बिहार देखने का बेहतर अहसास होगा। गलत प्रवृत्ति के लोगों पर पैनी नजर रखी जायेगी। पर्यटन क्षेत्र को बढ़ावा देना है। इसके लिए यहां पर तेजी से काम चल रहा है। जू सफारी, नेचर सफारी के अलावा यहां पर अंतरराष्ट्रीय स्तर की स्पोर्ट्स एकेडमी व खेल विश्वविद्यालय का भी निर्माण होना है।

देश का पहला स्काई हैंगिंग वाक
उन्होंने नेचर सफारी में जीप लाइन, जीप बाइक और मेन कैंप एरिया का निरीक्षण किया। देश का पहला स्काई हैंगिंग वाक नेचर सफारी में बन रहा है, जिसका जायजा मुख्यमंत्री ने लिया।

ग्राउंड वाटर निकालने पर होगी पाबंदी
आने वाले दिनों में इस इलाके से ग्राउंड वाटर नहीं निकाला जा सकेगा। यह पूरा इलाका ऐतिहासिक है। भगवान बुद्ध व भगवान महावीर के पहले यह मगध की राजधानी हुआ करता था। यहीं से राजधानी शिफ्ट होकर पाटलिपुत्र गयी थी। वहां बन रहे बाघ, चीता, हिरण व शेर के बेड़ों को देखा। कहा कि बिहार में जल-जीवन हरियाली योजना पर भी तेजी से काम हो रहा है। इससे पर्यावरण की सुरक्षा के प्रति लोगों को जागरूक किया गया। राजगीर के इलाके में पीने के लिए गंगा नदी का पानी स्वच्छ कर लोगों को उपलब्ध कराया जा रहा है, ताकि लोगों को भू-जल के भरोसे नहीं रहना पड़े। जल संरक्षण के लिए भी लोगों को प्रेरित किया गया। वहीं मौसम अनुकूल खेती व सौर ऊर्जा पर भी बल दिया जा रहा है।