प्यार करने की तालिबानी सजा, प्रेमी की पेड़ से बांधकर पिटाई; रात में गर्लफ्रेंड से मिलने गया था गांव
मंगलवार की रात प्रेमी लड़की से मिलने उसके गांव गया था। इसकी जानकारी लोगों को लग गई और लड़की के घर वालों ने उसे पकड़ लिया और रस्सी से बांधकर पिटाई कर दी और वीडियो बनाकर वायरल कर दिया।

बिहार के बेतिया में एक युवक को प्यार करने की तालिबानी सजा दी गयी। पेड़ से बांधकर उसकी बेरहमी से पिटाई की गयी। युवक की जमकर पिटाई किये जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में युवक को पेड़ से रस्सी के सहारे बांधकर पीटा जाता दिख रहा है, वहीं युवक दर्द से कराहता नजर आ रहा है। वायरल वीडियो धनहा थाना के कठार पंचायत के दोकरी गांव का बताया जा रहा है। लाइव हिन्दुस्तान वीडियो की पुष्टि नहीं करता।
जानकारी के मुताबिक, पीड़ित युवक दोकरी गांव निवासी भोली चौधरी का बेटा पुत्र सुनील कुमार है। बताया जा रहा है कि सुनील का प्रेम प्रसंग तूनियहवा गांव की एक लड़की से चल रहा था। काफी दिनों से दोनों एक दूसरे मिलते जुलते थे। मंगलवार की रात वह लड़की से मिलने उसके गांव गया था। इसकी जानकारी लोगों को लग गई और लड़की के घर वालों ने उसे पकड़ लिया और रस्सी से बांधकर पिटाई कर दी। प्रेमी युवक छटपटाते हुए छोड़ देने की गुहार लगाता रहा लेकिन उसके साथ कोई रहम नहीं किया गया।
यह वीडियो अब इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है। वीडियो को लेकर तरह तरह की बातें कही जा रही हैं। प्रेमी युवक का मजाक भी उड़ाया जा रहा है। हालांकि, इस वायरल वीडियो की आधिकारिक पुष्टि नहीं की जा सकी है। इस घटना को लेकर पुलिस में कोई शिकायत नहीं की गयी है। पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है। वीडियो देखकर पुलिस आरोपियों की पहचान कर रही है।
इस मामले को लेकर धनहा थाना अध्यक्ष धर्मवीर कुमार भारती ने बताया कि सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो की जानकारी मिली है। लेकिन अभी तक पीड़ित युवक की ओर से कोई लिखित शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। पुलिस अपने स्तर से पता लगा रही है। पीड़ित की ओर आवेदन मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।