घर से घूमने निकला युवक पोखर में मरा मिला, हत्या की आशंका, दोस्तों पर आरोप
मुजफ्फरपुर में एक युवक गुरुवार देर रात को अपने घर से दोस्तों के साथ घूमने निकला। फिर वह एक पोखर में मरा हुआ पाया गया। परिजन ने दोस्तों पर ही हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

बिहार के मुजफ्फरपुर में एक युवक का पोखर में शव मिलने से सनसनी फैल गई। नगर थाना क्षेत्र के साहू पोखर से शुक्रवार सुबह 22 वर्षीय गौरव कुमार का शव बरामद किया गया। युवक मिठनपुरा थाना क्षेत्र के चकबासु का रहने वाला था। गुरुवार रात करीब 10 बजे वह अपने दोस्तों के साथ घर से घूमने निकला था। थोड़ी देर बाद दोस्तों ने गौरव के पोखर में डूबने की जानकारी फोन पर घर वालों को दी। सुबह उसकी लाश मिली। परिजन ने दोस्तों पर ही गौरव की हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
परिजन देर रात मौके पर पहुंचे। उन्होंने पुलिस को सूचना दी। रात भर पोखर और उसके आसपास गौरव साहू की तलाश की गई। मगर उसका कोई पता नहीं लगा। शुक्रवार सुबह जब उसका शव बरामद हुआ तो परिजन आक्रोशित हो गए। बताया जा रहा है कि शव के मुंह से खून निकल रहा था।
नगर थानेदार शरत कुमार ने शुक्रवार को कहा कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजन हत्या की आशंका जता रहे हैं। आवेदन के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल, घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी कैमरों को खंगाला जा रहा है।
मृतक के बड़े भाई निशांत ने बताया कि गुरुवार रात 11 बजे गौरव के दोस्तों को फोन किया। लेकिन फोन नहीं उठाया। रात 1 एक बजे एक दोस्त ने उन्हें कॉल कर बताया कि गौरव पोखर में कूद गया है। परिवार के लोग पोखर के पास गए तो उसका कुछ पता नहीं चला। फिर सुबह शव मिला ।
डीएसपी टाउन सीमा देवी ने बताया कि साहू पोखर से एक युवक का शव मिला है। बीती रात वो पोखर में कूद गया था। कारण अभी स्पष्ट नहीं हुआ है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। जांच चल रही है।