मुनाफा घटा तो गिरे एशियन पेंट्स के शेयर, 6 महीने में 26 पर्सेंट से अधिक टूटा
- आज एशियन पेंट्स के शेयर में 4 पर्सेंट से अधिक की गिरावट है। कंपनी को वित्त वर्ष 2024-25 की तीसरी तिमाही में 1,110 करोड़ रुपए का मुनाफा (कॉन्सॉलिडेटेड नेट प्रॉफिट) हुआ है। इसमें 23% की कमी आई है। पिछले 6 महीने में यह 26.75 पर्सेंट टूट चुका है।

Asian Paints Share Price: एशियन पेंट्स लिमिटेड के कमजोर नतीजों के बाद उसके शेयरों में आज गिरावट है। आज इसमें 4 पर्सेंट से अधिक की गिरावट है। एशियन पेंट्स को वित्त वर्ष 2024-25 की तीसरी तिमाही में 1,110 करोड़ रुपए का मुनाफा (कॉन्सॉलिडेटेड नेट प्रॉफिट) हुआ है। सालाना आधार पर इसमें 23% की कमी आई है। एक साल पहले की समान तिमाही में कंपनी को 1,448 करोड़ रुपये का मुनाफा हुआ था। सुबह साढ़े 10 बजे के करीब यह 3.65 पर्सेंट नीचे 2268.30 रुपये पर ट्रेड कर रहा था।
पिछले एक साल में एशियन पेंट्स के शेयर 22 पर्सेंट से अधिक टूट चुके हैं। जबकि, पिछले 6 महीने में इसमें 26.75 पर्सेंट की गिरावट दर्ज की गई है। इसका 52 हफ्ते का हाई 3394.90 रुपये और लो 2207.80 रुपये है। एशियन पेंट्स का शेयर पिछले 5 दिन में 2.15% चढ़ा है। एशियन पेंट्स का मार्केट कैप 2.18 लाख करोड़ रुपये है।
क्या करें निवेशक
एशियन पेंट्स पर कवरेज करने वाले कुल 34 विश्लेषकों में से 11 ने Sell रेटिंग दी है। 5 एनॉलिस्ट Strong Sell और 10 ने होल्ड की सलाह दी है। जबकि, 7 ने Buy और एक ने Strong Buy की सलाह दी है।
कैसे रहे तीसरी तिमाही के नतीजे
अक्टूबर-दिसंबर तिमाही में कंपनी का बिक्री से रेवेन्यू 6% कम होकर 8,549 करोड़ रुपये रहा। एक साल पहले इसी तिमाही में कंपनी ने 9,103 करोड़ रुपये का रेवेन्यू जेनरेट किया था। इसमें कोई खर्च या डिडक्शन शामिल नहीं होता है।
तिमाही आधार पर 60% बढ़ा मुनाफा
पिछली तिमाही यानी जुलाई-सितंबर के मुकाबले कंपनी का प्रॉफिट 60% बढ़ा है। Q2FY25 में कंपनी को 695 करोड़ रुपये का मुनाफा हुआ था। इस दौरान रेवेन्यू भी 6% बढ़ा है। दूसरी तिमाही में कंपनी ने 8,028 करोड़ रुपये का रेवेन्यू जेनरेट किया था।
60 से ज्यादा देशों में एशियन पेंट्स का कस्टमर सर्विस
एशियन पेंट्स की शुरुआत 1942 में हुई थी। इसे 4 दोस्त ने पार्टनरशिप में शुरू किया था। 1968 से भारतीय पेंट मार्केट में इसका दबदबा रहा है। फिलहाल एशियन पेंट्स 15 देशों में काम करती है। दुनिया भर में इसकी 27 मैन्यूफैक्चरिंग फैसिलिटीज हैं, जो 60 से ज्यादा देशों में कस्टमर सर्विस देती है।
(डिस्क्लेमर: एक्सपर्ट्स की सिफारिशें, सुझाव, विचार और राय उनके अपने हैं, लाइव हिन्दुस्तान के नहीं। यहां सिर्फ शेयर के परफॉर्मेंस की जानकारी दी गई है, यह निवेश की सलाह नहीं है। शेयर बाजार में निवेश जोखिमों के अधीन है और निवेश से पहले अपने एडवाइजर से परामर्श कर लें।)