फरार बंदी की गिरफ्तारी को गोपालगंज में जमी रही एसओजी
Deoria News - देवरिया में, पाक्सो एक्ट के आरोपी शिवा बांसफोर अदालत में पेशी के दौरान फरार हो गया। पुलिस ने कई जगहों पर सीसी फुटेज की जांच की, लेकिन आरोपी का मोबाइल न होने के कारण उसकी लोकेशन नहीं मिल पा रही है।...

देवरिया, निज संवाददाता। दीवानी न्यायालय में पेशी के दौरान फरार पाक्सो एक्ट के बंदी की गिरफ्तारी अब पुलिस के लिए चुनौती बन गई है। शनिवार को भी एसओजी व कोतवाली पुलिस ने कई जगहों पर सीसी फुटेज खंगाल फरार बंदी तक पहुंचने का प्रयास किया। मोबाइल का प्रयोग न करने के चलते फरार बंदी की पुलिस को लोकेशन नहीं मिल पा रही है। शनिवार को एसओजी दिन भर गोपालगंज और कुशीनगर जनपद में जमी रही। कुशीनगर जनपद के हाटा कोतवाली के ग्राम गांधी नगर निवासी शिवा बांसफोर अपनी रिश्तेदारी की एक किशोरी का महुआडीह थाना क्षेत्र से बहला-फुसलाकर 8 अप्रैल को अपहरण कर लिया था।
इस मामले में महुआडीह पुलिस ने पाक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज कर दो मई को शिवा पुत्र राजेंद्र बांसफोर को जेल भेजा था। गुरुवार को उसकी डीएनए टेस्ट के लिए न्यायालय में पेशी थी। हेड कांस्टेबल उसे दीवानी न्यायालय के हवालात से लेकर न्यायालय पहुंचा और पेशी कराने के बाद न्यायालय परिसर स्थित हवालात की तरफ ले जा रहा था। इसी बीच शिवा ने हेड कांस्टेबल श्रीकृष्ण राम को धक्का दे दिया और चहारदीवारी फांदकर फरार हो गया। पुलिस केस दर्ज कर मामले की जांच कर रही है। साथ ही हेड कांस्टेबल को निलंबित करते हुए लापरवाही बरतने पर केस भी दर्ज कराया गया है। पुलिस सूत्रों का कहना है कि फरार बंदी की लोकेशन नहीं मिल पा रही है। भागने के बाद से ही उसने अपने परिवार और रिश्तेदारों से भी संपर्क नहीं किया है। सीओ सिटी संजय कुमार रेड्डी ने बताया कि टीमें लगी हैं। लगातार दबिश दी जा रही है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।