सिर्फ 1 साल में 14 हजार अंक बढ़ा सेंसेक्स, कैसा होगा 2022 का सफर
नए साल यानी 2022 का आगाज हो चुका है। 2021 का साल भारतीय शेयर बाजार के लिए बेहद खास रहा। इस साल कोरोना की दूसरी लहर की वजह से अफरातफरी का माहौल रहा लेकिन इसके बावजूद शेयर बाजार ने कई अहम पड़ाव...

नए साल यानी 2022 का आगाज हो चुका है। 2021 का साल भारतीय शेयर बाजार के लिए बेहद खास रहा। इस साल कोरोना की दूसरी लहर की वजह से अफरातफरी का माहौल रहा लेकिन इसके बावजूद शेयर बाजार ने कई अहम पड़ाव देखे।
इस दौरान, सेंसेक्स और निफ्टी में भी रिकॉर्ड तेजी देखी गई। वहीं, पारस डिफेंस एंड डिफेंस टेक्नोलॉजी और लैटेंट व्यू जैसे इनीशियल पब्लिक ऑफरिंग यानी आईपीओ ने निवेशकों को मालामाल भी किया। आज हम आपको बताएंगे कि 2021 के साल में सेंसेक्स ने कौन-कौन से अहम पड़ाव देखे हैं।
- जनवरी 1: साल 2020 में पहले दिन सेंसेक्स 47,870 अंक के स्तर पर रहा था।
-जनवरी 21 : बीएसई सेंसेक्स ने कारोबार के दौरान 50,000 अंक के रिकॉर्ड स्तर को छुआ।
-फरवरी 3 : पहली बार सेंसेक्स 50,000 अंक से ऊपर बंद हुआ।
-फरवरी 5 : सेंसेक्स ने कारोबार के दौरान 51,000 अंक के स्तर को पार किया।
-फरवरी 8 : सेंसेक्स 51,000 अंक के ऊपर बंद हुआ।
-15 फरवरी : सेंसेक्स पहली बार 52,000 अंक के स्तर से आगे निकला।
- जून 22 : सेंसेक्स पहली बार कारोबार के दौरान 53,000 अंक पर पहुंचा।
-जुलाई 7 : सेंसेक्स पहली बार 53,000 अंक से ऊपर बंद हुआ।
-अगस्त 4 : सेंसेक्स ने पहली बार 54,000 अंक को छुआ और इसी दिन इससे ऊपर बंद भी हुआ।
-अगस्त 13 : सेंसेक्स नया रिकॉर्ड बनाते हए 55,000 अंक के पार पंहुचा और इस स्तर के ऊपर बंद हुआ।
- अगस्त 18 : सेंसेक्स कारोबार के दौरान 56,000 अंक के पार निकला।
-अगस्त 27 : सेंसेक्स पहली बार 56,000 अंक के ऊपर बंद हुआ।
-अगस्त 31 : सेंसेक्स दिन के कारोबार में 57 हजार अंक के पार पंहुचा और इसी स्तर पर बंद भी हुआ, इस दिन बीएसई में सूचीबद्ध कंपनियों का बाजार पूंजीकरण 250 लाख करोड़ रुपये पर पहुंचा।
-सितंबर 3 : सेंसेक्स पहली बार 58,000 अंक की नयी ऊंचाई पर पहुंचा और इसी स्तर से ऊपर बंद भी हुआ।
- सितंबर 16 : सेंसेक्स लंबी छलांग लगाते हुए 59,000 अंक के उच्चतम स्तर पर पहुंचा और इसी दिन इससे ऊपर बंद हुआ, वही बीएसई में सूचीबद्ध कंपनियों का बाजार पूंजीकरण 260 लाख करोड़ रुपये के पार पंहुचा।
- सितंबर 24 : बीएसई का सेंसेक्स कारोबार के दौरान पहली बार 60,000 अंक के स्तर को पार कर ऐतिहासिक ऊंचाई पर पहुंचा और इसी दिन इस ऐतिहासिक आंकड़े से ऊपर बंद भी हुआ।
- अक्टूबर 13 : बीएसई में सूचीबद्ध कंपनियों का बाजार पूंजीकरण 270 लाख करोड़ रुपये पर पहुंचा।
-अक्टूबर 14 : सेंसेक्स पहली बार 61,000 अंक के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचा और इसी स्तर से ऊपर बंद भी हुआ।
- 19 अक्टूबर: सेंसेक्स 62,000 अंक को पार करते हुए 62,245.43 के सर्वकालिक उच्च स्तर पर पहुंचा। 1 जनवरी के मुकाबले करीब 14 हजार अंक से ज्यादा की बढ़ोतरी दर्ज की गई।
- 31 दिसंबर: सेंसेक्स 459 अंक या 0.80 प्रतिशत उछलकर 58,253.82 अंक पर बंद हुआ। सालाना आधार इसमें 10,502.49 अंक या 21.99 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई।
2022 का कैसा रहेगा हाल: भारतीय शेयर बाजार के लिए 2022 का साल काफी अहम रहने वाला है। इस साल एलआईसी, ओला, अडानी विल्मर समेत अन्य कई बड़ी कंपनियों के आईपीओ लॉन्च होंगे। इनसे निवेशकों को कमाई की उम्मीद है। वहीं, शेयर बाजार में भी तेजी देखे जाने की उम्मीद है। ऐसा माना जा रहा है कि इस साल सेंसेक्स 70 हजार अंक तक के स्तर को छु सकता है। हालांकि, कोरोना की तीसरी लहर चिंता का विषय है।