Chhattisgarh pre monsoon, Orange yellow alert in 22 districts, Where and how much rain fell? छत्तीसगढ़ में प्री-मानसून ने पकड़ी रफ्तार, 22 जिलों में ऑरेंज- यलो अलर्ट; कहां-कितनी बारिश हुई?, Chhattisgarh Hindi News - Hindustan
Hindi Newsछत्तीसगढ़ न्यूज़Chhattisgarh pre monsoon, Orange yellow alert in 22 districts, Where and how much rain fell?

छत्तीसगढ़ में प्री-मानसून ने पकड़ी रफ्तार, 22 जिलों में ऑरेंज- यलो अलर्ट; कहां-कितनी बारिश हुई?

मौसम विभाग ने प्रदेश के 8 जिलों के लिए ऑरेंज और 14 जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। यहां बारिश और गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने की घटना हो सकती है। अचानक तेज हवा भी चल सकती है।

Ratan Gupta लाइव हिन्दुस्तान, रायपुरWed, 11 June 2025 05:14 PM
share Share
Follow Us on
छत्तीसगढ़ में प्री-मानसून ने पकड़ी रफ्तार, 22 जिलों में ऑरेंज- यलो अलर्ट; कहां-कितनी बारिश हुई?

छत्तीसगढ़ में प्री-मानसून गतिविधियों ने रफ्तार पकड़ ली है। राज्य में एक बार फिर झमाझम बारिश का दौर शुरू हो गया है। मौसम विभाग ने प्रदेश के 8 जिलों के लिए ऑरेंज और 14 जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। यहां बारिश और गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने की घटना हो सकती है। अचानक तेज हवा भी चल सकती है।

मध्य छत्तीसगढ़ यानी रायपुर, भिलाई-दुर्ग, राजनांदगांव, बालोद, बेमेतरा, कबीरधाम, खैरागढ़, राजनांदगांव, बिलासपुर आदि जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होने से भीषण गर्मी से भी राहत है। वहीं बारिश होने से तापमान में भी गिरावट है। एक दिन पहले बिलासपुर पूरे प्रदेश में सबसे ज्यादा गर्म जिला रहा। यहां 41.7 डिग्री तापमान रिकार्ड किया गया। वहीं बारिश के बाद राजनांदगांव में अधिकतम तापमान 39 डिग्री रिकार्ड किया गया।

इन 8 जिलों में जारी हुआ ऑरेंज अलर्ट

रायपुर मौसम विज्ञान केंद्र ने प्रदेश के सुकमा, बीजापुर, दक्षिण बस्तर दंतेवाडा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, उत्तर बस्तर कांकेर, गरियाबंद जिले के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। यहां बारिश के साथ मेघ गर्जन होने, आकाशीय बिजली गिरने की घटना हो सकती है। इस दौरान हवा की रफ्तार 40 से 60 KMPH की संभावना है।

इन 14 जिलों में जारी हुआ येलो अलर्ट

वहीं धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, महासमुंद, रायपुर, बलौदाबाजार, जांजगीर-चांपा, बिबलासपुर, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम और मुंगेली जिले के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। यहां आकाशीय बिजली गिरने की घटना हो सकती है। अचानक 30 से 40 किमी की रफ्तार से हवा चलने की संभावना है। मौसम विभाग ने यह अलर्ट आगामी तीन घंटों के लिए जारी किया है। मौसम विभाग ने सुबह कई जिलों के लिए अलर्ट भी जारी किया था।

बीजापुर में सबसे ज्यादा 72 मिमी बारिश

मौसम विभाग के मुताबिक पिछले 24 घंटे के दौरान बीजापुर में सबसे ज्यादा 72 मिमी बारिश हुई है। वहीं रायपुर में 64.3 मिमी, दुर्ग में 42.2 मिमी, बालोद में 16.4 मिमी, राजनांदगांव में 23 मिमी, जांजगीर-चांपा में 18 मिमी बारिश रिकार्ड किया गया है।

इन इलाकों में हुई मध्यम बारिश

इसके अलावा सुकमा, बस्तर, दंतेवाड़ा, गरियाबंद, धमतरी, कांकेर, बालोद, मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी, राजनांदगांव, कबीरधाम, बिलासपुर, सरगुजा, कोरबा, मुंगेली, बलादौबाजार-भाठापारा जिले में हल्की से मध्यम बारिश हुई है। अच्छी बारिश होने से तापमान में भी गिरावट का दौर शुरू हो गया है। राजनांदगांव में रात का सबसे कम न्यूनतम तापमान 20.2 रिकार्ड किया गया। वहीं दुर्ग में रात का न्यूनतम तापमान 22 डिग्री रिकार्ड किया गया।

इस सिस्टम की वजह से हो रही बारिश

रायपुर मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक मानसून की उत्तरी सीमा मुंबई, अहिल्यानगर, आदिलाबाद, भवानीपटना, पुरी, सैंडहेड द्वीप, बालुरघाट से होकर गुजर रही है। उत्तर -पश्चिमी उत्तर प्रदेश और उसके आसपास के इलाकों पर चक्रवाती परिसंचरण से मध्य प्रदेश और विदर्भ होते हुए तेलंगाना तक औसत समुद्र तल से 0.9 किमी ऊपर एक द्रोणिका बनी हुई है।

उत्तर -पश्चिमी बंगाल की खाड़ी और उससे सटे उत्तरी तटीय ओडिशा और दक्षिण गंगीय पश्चिम बंगाल पर औसत समुद्र तल से 1.5 और 5.8 किमी ऊपर ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। इसके प्रभाव से हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी है। रायपुर में आकाश पर बादल छाए हुए हैं। रायपुर में अधिकतम तापमान 39°C और न्यूनतन तापमान 27°C के आसपास रहने की संभावना है।

(रिपोर्ट - संदीप दीवान)

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।