सोनिया गांधी की अचानक बिगड़ी तबीयत, पेट में परेशानी के बाद सर गंगाराम अस्पताल में भर्ती
कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी की तबीयत बिगड़ गई है। उन्हें नई दिल्ली के सर गंगाराम अस्पातल में भर्ती करवाया गया है।

कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी की तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें रविवार को नई दिल्ली के सर गंगाराम अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। अस्पताल के मुताबिक पेट में परेशानी के बाद उन्हें यहां लाया गया है। कुछ दिन पहले हिमाचल प्रदेश में सोनिया गांधी का स्वास्थ्य खराब हो गया था। उस समय उन्हें शिमला के इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज ले जाया गया था। इसके अलावा फरवरी के महीने में भी उन्हें पेट की समस्या के चलते ही सर गंगाराम अस्पताल में भर्ती करवाया गया था।
सोनिया गांधी ने 9 जून को सर गंगा राम अस्पताल (एसजीआरएच) में अपनी मेडिकल जांच कराई थी। सोनिया (78) को उच्च रक्तचाप की शिकायत के बाद शिमला के इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज (आईजीएमसी) अस्पताल ले जाने के दो दिन बाद यह स्वास्थ्य जांच हुई है। कांग्रेस की वरिष्ठ नेता निजी यात्रा पर हिमाचल प्रदेश की राजधानी में थीं।
आईजीएमसी के उप चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अमन ने शनिवार को बताया था कि सोनिया गांधी का रक्तचाप बढ़ा हुआ था, लेकिन सब कुछ सामान्य था। बीते चार-पांच साल में कई बार उनकी तबीयत बिगड़ चुकी है और उन्हें अस्पताल में भर्ती करवाना पड़ा है। जानकारी के मुताबिक उन्हें सांस संबंधी समस्या भी रहती है। साल 2022 में वह कोरोना संक्रमित भी हो गई थीं। इस दौरान भी उन्हें अस्पताल में रखा गया था।