नक्सलियों के खिलाफ बड़ी सफलता, विस्फोटक लूटकांड में शामिल नक्सली जॉर्ज गिरफ्तार
नक्सलियों के खिलाफ सुरक्षाबलों को बड़ी कामयाबी मिली है। सारंडा के विस्फोटक लूटकांड में शामिल नक्सली जॉर्ज गिरफ्तार किया गया।

सारंडा जंगल में ओडिशा के सुन्दरगढ़ के केबलांग के रेलाहातु बांको इलाकों में विस्फोटक लूट में शामिल नक्सली को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। 27 मई को हुई लूट में शामिल जॉर्ज मुंडा उर्फ कुलू मुंडा (45) केबलांगके बांको गांव का रहने वाला है। पश्चिमांचल के डीआईजी बृजेश कुमार राय और राउरकेला के एसपी नितेश वाधबानी ने एसपी कार्यालय में रविवार को यह जानकारी दी।
बांको पत्थर को लूटा था
डीआईजी ने कहा कि 27 मई को नक्सलियों ने बडगां के इतमा से बांको पत्थर गोदाम ले जा रहे 200 पैकैट विस्फोटक(सीडीईटी ब्रांड) को नक्सलियों ने लूट लिया था। विस्फोटक लूट के बाद नक्सलियों ने ट्रक के चालक और वाहन को छोड़ दिया था। इस लूट कांड में महिला सहित 10-15 नक्सली शामिल थे। इस मामले की जांच के लिए एएसपी के नेतृत्व में एसआईटी की जांच की गई थी। जांच टीम ने फारेंसिक तत्थों, मोबाइल डाटा सहित अन्य माध्यमों से जांच की। जांच के बाद इस मामले में जॉर्ज मुंडा की संलिप्ता सामने आयी। जार्ज ने लूट कांड की योजना और माइंस की रेकी की थी। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
3811.30 किलो विस्फोटक जब्त
डीआईजी ने कहा कि दो सौ पैकेट विस्फोटक लूट के बाद ओडिशा और झारखंड पुलिस द्वारा संयुक्त छापेमारी की गई। इस दौरान ओडिशा झारखंड के सीमावर्ती इलाकों से 3.8 टन विस्फोटक जब्त किया है। डीआईजी ने कहा कि छापामारी जारी है।
एक करोड़ के इनामी पतिराम के घर पुलिस ने चिपकाया इश्तेहार
पीरटांड़ (गिरिडीह)। भाकपा माओवादी संगठन के एक करोड़ के इनामी नक्सली पतिराम मांझी उर्फ अनल दा के घर चाईबासा पुलिस ने रविवार को इश्तेहार चिपकाया है। चाईबासा जिले के टेबो थाना में इनामी नक्सली के विरुद्ध मुकदमा दर्ज है। पुलिस को लंबे समय से इनामी नक्सली की तलाश है। न्यायलय के आदेश के आलोक में रविवार को पुलिस ने इश्तेहार चस्पा किया है। बताया जाता है कि पारसनाथ क्षेत्र के कुख्यात इनामी नक्सली झरहा निवासी पतिराम मांझी उर्फ अनल दा कई नक्सली घटना में नामजद अभियुक्त हैं। पीरटांड़ के अलावा झारखण्ड के अन्य जिले व थाना में पतिराम मांझी के विरुद्ध मुकदमा दर्ज है।
गिरिडीह जिले के अलावा राज्य के विभिन्न जिले की पुलिस को नक्सली पतिराम मांझी की तलाश है। एक करोड़ के इनामी नक्सली पतिराम मांझी उर्फ अनल दा लंबे समय से फरार चल रहा है। भाकपा माओवादी संगठन में अनल दा के केंद्रीय कमेटी सदस्य के रूप में पहचान है। झारखण्ड सरकार के द्वारा अनल दा पर एक करोड़ का इनाम घोषित है। लंबे समय से फरार चल रहे नक्सली पतिराम मांझी उर्फ अनल की पुलिस तलाश में जुटी है। रविवार को चाईबासा जिले के टेबो थाना पुलिस न्यायालय के आदेश के आलोक में अनल दा का पैतृक गांव झरहा पहुंची। पीरटांड़ पुलिस के सहयोग टेबो थाना पुलिस अनल दा के गांव जाकर जानकारी हासिल की तथा इनामी नक्सली के विरुद्ध इश्तेहार चिपकाया। चाईबासा के टेबो थाना में इनामी नक्सली पतिराम मांझी उर्फ अनल के विरुद्ध कांड संख्या 7 /19 के तहत यूएपी एक्ट तथा 17 सीएलए एक्ट के अलावा विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज है। इनामी नक्सली को पुलिस ने आत्मसमर्पण का भी संदेश दिया है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।