BCCI ने किया IND vs NZ सीरीज का ऐलान, एक्शन में नजर आएंगे कोहली-रोहित; देखें पूरा शेड्यूल
बीसीसीआई ने न्यूजीलैंड के भारत दौरे के शेड्यूल का ऐलान कर दिया है। कीवी टीम अगले साल यानी 2026 की शुरुआत में भारत दौरे पर तीन वनडे और 5 मैच की टी20 सीरीज खेलने आएगी।

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड यानी बीसीसीआई ने न्यूजीलैंड के भारत दौरे के शेड्यूल का ऐलान कर दिया है। कीवी टीम अगले साल यानी 2026 की शुरुआत में भारत दौरे पर तीन वनडे और 5 मैच की टी20 सीरीज खेलने आएगी। मार्च 2025 में हुए चैंपियंस ट्रॉफी के बाद यह दोनों टीमों की पहली भिड़ंत होगी। विराट कोहली और रोहित शर्मा टी20 व टेस्ट क्रिकेट से संन्यास ले चुके हैं ऐसे में यह जोड़ी न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज में एक्शन में नजर आएगी। न्यूजीलैंड के भारत दौरे का आगाज 11 जनवरी को खेले जाने वाले पहले वनडे मैच से होगा, वहीं सीरीज का अंत 31 जनवरी को खेले जाने वाले आखिरी टी20 मैच से होगा। आगामी टी20 वर्ल्ड कप 2026 को देखते हुए भारत के लिए यह सीरीज काफी अहम होगी। 2026 फरवरी-मार्च में भारत और श्रीलंका मिलकर टी20 वर्ल्ड कप की मेजबानी करने वाला है।
भारत और न्यूजीलैंड के पहले वनडे मैच की मेजबानी वडोदरा को मिली है। 15 से अधिक सालों में पहली बार इस मैदान पर पुरुष क्रिकेट का कोई मैच खेला जाएगा। यह मैच नवनिर्मित कोटाम्बी स्टेडियम में होगा, जिसने पहले ही दिसंबर 2024 में भारत और वेस्टइंडीज के बीच तीन महिला वनडे मैचों की मेजबानी की है। साथ ही यहां 2025 महिला प्रीमियर लीग (डब्ल्यूपीएल) के 6 मैच हुए थे।
वडोदरा ने मेंस क्रिकेट के आखिरी मैच की मेजबानी 2010 में की थी, कमाल की बात यह है कि उस मैच में न्यूजीलैंड की टीम भी शामिल थी। टीम इंडिया के मौजूदा हेड कोच गौतम गंभीर ने उस मैच में प्लेयर- ऑफ द मैच थे, उन्होंने न्यूजीलैंड के खिलाफ शतक जड़ा था।
वडोदरा के बाद टीमें गुजरात में ही रहेंगी क्योंकि दूसरे वनडे की मेजबानी राजकोट को मिली है, जो 14 जनवरी को खेला जाएगा। उसके बाद 18 जनवरी को इंदौर में वनडे सीरीज का समापन होगा।
इस मैच से दौरे का मध्य-भारत चरण शुरू होगा, जिसमें नागपुर (21 जनवरी) और रायपुर (23 जनवरी) में पहले दो टी20 मैच खेले जाएंगे।
इसके बाद टीमें पूर्व की ओर बढ़ेंगी और दौरे के समापन के लिए दक्षिण की ओर जाएंगी, जिसमें गुवाहाटी (25 जनवरी), विशाखापत्तनम (28 जनवरी) और तिरुवनंतपुरम (31 जनवरी) में तीसरा, चौथा और पांचवां टी20 मैच खेला जाएगा।
न्यूजीलैंड के भारत दौरे का शेड्यूल 2026-
तारीख | मैच | वेन्यू | समय |
11 जनवरी | पहला वनडे | बड़ौदा | 1:30 PM |
14-जनवरी | दूसरा वनडे | राजकोट | 1:30 PM |
18 जनवरी | तीसरा वनडे | इंदौर | 1:30 PM |
21-जनवरी | पहला टी20I | नागपुर | 7:00 PM |
23 जनवरी | दूसरा टी20I | रायपुर | 7:00 PM |
25-जनवरी | तीसरा टी20I | गुवाहाटी | 7:00 PM |
28-जनवरी | चौथा टी20I | विजाग | 7:00 PM |
31-जनवरी | पांचवां टी20I | त्रिवेंद्रम | 7:00 PM |