इंग्लैंड दौरे पर 2021 में कैसी थी और अब कैसी है भारतीय टीम?, दिग्गज बाहर; युवा बने लीडर
इंग्लैंड दौरे पर 2021 में भारतीय टीम कैसी थी और अब 2025 में भारतीय टीम कैसी है? ये जान लीजिए। दिग्गज बाहर हैं और युवा खिलाड़ियों को लीडरशिप मिली है। पिछली बार भारत ने दमदार प्रदर्शन किया था।

टीम इंडिया 20 जून से इंग्लैंड के खिलाफ खेली जाने वाली पांच मैचों की टेस्ट सीरीज की तैयारी कर रही है। लीड्स में होने वाले पहले मैच से पहले भारतीय खिलाड़ी इंट्रा स्क्वॉड मैच खेल रहे हैं। टीम इंडिया ने आखिरी बार इंग्लैंड का दौरा साल 2021 में किया था। इसके बाद से अब टीम कितनी बदली हुई है और कौन-कौन से खिलाड़ी उस टीम में थे और इस बार नहीं हैं? उनके बारे में विस्तार से जान लीजिए, क्योंकि कप्तान से लेकर उपकप्तान और बल्लेबाजी क्रम से लेकर गेंदबाजी लाइनअप सब विभागों में बदलाव देखने को मिला है। 2021 में भारत ने 4 में से 2 मैच जीते थे, लेकिन कोरोना के कारण एक मैच अगले साल हुआ था, जिसमें हार मिली थी। इस तरह सीरीज 2-2 से बराबर हो गई थी।
चार साल पहले भारतीय टीम में इंग्लैंड के दौरे पर विराट कोहली, रोहित शर्मा, चेतेश्वर पुजारा, अजिंक्य रहाणे, आर अश्विन, ईशांत शर्मा और मोहम्मद शमी जैसे दिग्गज थे, लेकिन इस बार इन दिग्गजों का साथ भारतीय टीम को मिलने वाला नहीं है। सात खिलाड़ियों को 50 से ज्यादा मैचों का अनुभव था। ईशांत शर्मा अकेले 100 मैच खेल चुके थे। वहीं, अब 2025 की बात करें तो कप्तान ही 25 साल का है, जिन्होंने 32 टेस्ट मैच खेले हैं। पूरी टीम में दो खिलाड़ी ऐसे हैं, जिन्होंने 50 से ज्यादा टेस्ट मैच खेले हैं और 3 खिलाड़ी एकदम नए हैं, जिन्होंने डेब्यू भी नहीं किया।
लीडरशिप ग्रुप भी बदलाव के फेज में है। इस सीरीज से शुभमन गिल कप्तान है और ऋषभ पंत आधिकारिक तौर पर उपकप्तान घोषित किए गए हैं। पिछली बार जब इंग्लैंड के दौरे पर भारतीय टीम थी तो 11 खिलाड़ी स्क्वॉड में 30 साल से ज्यादा के थे, लेकिन इस बार ऐसा नहीं हैं। 18 में से 10 खिलाड़ियों की उम्र 30 से कम है। 83 सेंचुरी सभी खिलाड़ियों ने 2021 में जड़ी हुई थीं, लेकिन अब ये आंकड़ा 30 से भी कम है। 2021 में 38.25 का औसत खिलाड़ियों का टेस्ट मैच खेलने का था, जो इस बार 20.6 है।
क्रम | 2021 की टेस्ट टीम | 2025 की टेस्ट टीम |
---|---|---|
1. | विराट कोहली (कप्तान) | शुभमन गिल (कप्तान) |
2. | अजिंक्य रहाणे (उपकप्तान) | ऋषभ पंत (उपकप्तान और विकेटकीपर) |
3. | रोहित शर्मा | यशस्वी जायसवाल |
4. | केएल राहुल | केएल राहुल |
5. | चेतेश्वर पुजारा | करुण नायर |
6. | ऋषभ पंत (विकेटकीपर) | ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर) |
7. | रविंद्र जडेजा | रविंद्र जडेजा |
8. | शार्दुल ठाकुर | शार्दुल ठाकुर |
9. | मोहम्मद सिराज | मोहम्मद सिराज |
10. | जसप्रीत बुमराह | जसप्रीत बुमराह |
11. | उमेश यादव | अर्शदीप सिंह |
12. | रविचंद्रन अश्विन | कुलदीप यादव |
13. | अक्षर पटेल | वॉशिंगटन सुंदर |
14. | हनुमा विहारी | नितीश कुमार रेड्डी |
15. | ईशांत शर्मा | आकाश दीप |
16. | अभिमन्यु ईश्वरन | अभिमन्यु ईश्वरन |
17 | प्रसिद्ध कृष्णा | प्रसिद्ध कृष्णा |
18. | सूर्यकुमार यादव | साई सुदर्शन |
19. | रिद्धिमान साहा | |
20. | मयंक अग्रवाल | |
21. | पृथ्वी शॉ | |
22. | मोहम्मद शमी |