रजत पाटीदार हुए दिग्गजों में शुमार, धोनी-रोहित भी कर चुके हैं ऐसा; क्यों खास है उपलब्धि
रजत पाटीदार की कप्तानी वाली आरसीबी आईपीएल 2025 के फाइनल में पहुंच गई है। इसके साथ ही रजत पाटीदार के नाम एक खास उपलब्धि जुड़ गई है। आखिर क्या है यह उपलब्धि?
रजत पाटीदार की कप्तानी वाली आरसीबी आईपीएल 2025 के फाइनल में पहुंच गई है। इसके साथ ही रजत पाटीदार के नाम एक खास उपलब्धि जुड़ गई है। रजत पाटीदार का नाम उन दिग्गजों की लिस्ट में शुमार हो गया है, जिन्होंने पहली बार कप्तानी करते हुए अपनी टीम को फाइनल में पहुंचाया। इस लिस्ट में महेंद्र सिंह धोनी, रोहित शर्मा और अनिल कुंबले जैसे बड़े नाम शामिल हैं। गौरतलब है कि आरसीबी ने पहले क्वॉलीफायर में पंजाब किंग्स को हराकर फाइनल में जगह बना ली है। इस मैच में आरसीबी की टीम ने जबर्दस्त प्रदर्शन करते हुए पंजाब को बुरी तरह से परास्त किया।
धोनी-कुंबले का भी नाम
आईपीएल में पहली बार कप्तानी करते हुए टीमों को फाइनल तक ले जाने वालों की बात करें तो इसका सिलसिला शुरू होता है महेंद्र सिंह धोनी से। महेंद्र सिंह धोनी ने साल 2008 में चेन्नई सुपर किंग्स की कमान संभाली थी। उस सीजन में चेन्नई की टीम फाइनल तक तो पहुंची थी, लेकिन खिताब नहीं जीत पाई थी। फाइनल में उसे राजस्थान रॉयल्स ने मात दी थी। साल 2009 की बात करें तो इस साल अनिल कुंबले ने पहली बार आरसीबी की कमान संभाली थी। कुंबले भी उस सीजन में अपनी टीम को फाइनल तक लेकर गए थे। हालांकि वह आरसीबी को खिताब नहीं जिता पाए थे।
रोहित भी कर चुके हैं कमाल
साल 2013 में रोहित शर्मा पहली बार मुंबई इंडियंस के कप्तान बने थे। उस सीजन में रोहित न सिर्फ अपनी टीम को फाइनल तक लेकर गए थे, बल्कि उसे चैंपियन भी बनाया था। 2013 में मुंबई इंडियंस ने चेन्नई सुपर किंग्स को फाइनल मुकाबले में मात दी थी। इसके बाद साल 2022 हार्दिक पांड्या ने किया था कमाल। हार्दिक पांड्या पहली बार तो कप्तानी कर ही रहे थे, साथ ही गुजरात टाइटंस का भी यह पहला ही सीजन था। गुजरात की टीम ने फाइनल मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स को शिकस्त देकर पहले ही सीजन में चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया था।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।