पंजाब किंग्स ने IPL में रचा धांसू कीर्तिमान, राजस्थान रॉयल्स को घर में घुसकर दिया 'नया जख्म'
RR vs PBKS IPL 2025 Match: पंजाब किंग्स ने राजस्थान रॉयल्स का के खिलाफ 219/5 का स्कोर बनाया धांसू कीर्तिमान रचा। नेहल वढेरा और शशांक सिंह ने शानदार बल्लेबाजी की।
पंजाब किंग्स (पीबीकेएस) ने रविवार को आईपीएल 2025 में राजस्थान रॉयल्स (आरआर) के खिलाफ धांसू कीर्तिमान रचा। पीबीकेएस आईपीएल की एक पारी में 35 से कम रन पर 3 विकेट गिरने के बाद सबसे बड़ा स्कोर खड़ा करने वाली टीम बन गई है। पंजाब टीम ने जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में 219/5 का स्कोर बनाया। टॉस जीतकर पहले बैटिंग करने उतरी पीबीकेएस की शुरुआत कुछ खास नहीं रही थी। प्रियांश आर्य (9), प्रभसिमरन सिंह (21) और डेब्यूटेंट मिशेल ओवेन (0) पंजाब का स्कोर 34 पहुंचने तक पवेलियन लौट गए।
आरआर को मिला 'नया जख्म'
पीबीकेएस ने लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) का रिकॉर्ड तोड़ा है, जिसने 2023 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के सामने तीन विकेट खोने के बाद 213/9 का स्कोर खड़ा किया था। पीबीकेएस ने साथ ही आरआर को घर में घुसकर 'नया जख्म' भी दिया है। दरअसल, पंजाब ने आईपीएल में आरआर के होमग्राउंड पर पहली पारी में हाईएस्ट टोटल लगाने का कारनामा अंजाम दिया है। पीबीएकस ने इस मामले में मुंबई इंडियंस (एमआई) को पछाड़ा है। एमआई ने मौजूदा सीजन में सवाई मानसिंह स्टेडियम में पहले बैटिंग करते हुए दो विकेट पर 217 रन जुटाए थे।
आईपीएल में 35 से कम पर 3 विकेट गिरने के बाद हाईएस्ट टोटल
219/5 - पीबीकेएस बनाम आरआर, जयपुर, 2025
213/9 - एलएसजी बनाम आरसीबी, बेंगलुरु, 2023
211/9 - डीसी बनाम एलएसजी, विशाखापट्टनम, 2025
208/7 - केकेआर बनाम एसआरएच, कोलकाता, 2024
205/7 - केकेआर बनाम एसआरएच, कोलकाता, 2023
जयपुर में आईपीएल मैचों में पहली पारी में हाईएस्ट टोटल
219/5 - पीबीकेएस बनाम आरआर, 2025
217/2 - एमआई बनाम आरआर, 2025
214/2 - आरआर बनाम एसआरएच, 2023 (लक्ष्य का पीछा करते हुए)
209/4 - जीटी बनाम आरआर, 2025 (लक्ष्य का पीछा करते हुए)
202/5 - आरआर बनाम सीएसके, 2023
पंजाब के चौथे ओवर तक तीन विकेट गिरने के बाद नेहल वढेरा और शशांक सिंह ने आतिशी अर्धशतकीय पारी खेली। वढेरा ने महज 37 गेंद में पांच चौके और पांच छक्कों की मदद से 70 रन बनाए। यह उनका आईपीएल का सर्वश्रेष्ठ स्कोर भी है। उन्होंने कप्तान श्रेयस अय्यर (30) के साथ चौथे विकेट के लिए 67 और शशांक के संग पांचवें विकेट के लिए 58 रनों की साझेदारी की। वढेरा 16वें ओवर में आउट हुए। शशांक ने 30 गेंदों में नाबाद 59 रन बनाए, जिसमें पांच चौके और तीन छक्के शामिल हैं। उन्होंने अजमतुल्लाह उमरजई (नाबाद 21) के साथ छठे विकेट के लिए 60 रनों की पार्टनरशिप की और पंजाब को विशाल स्कोर तक पहुंचाया।