आदित्य रॉय कपूर के घर में जबरन घुसी महिला, पुलिस अधिकारी ने कहा- इरादा संदिग्ध लग रहा है
Aditya Roy Kapur: दुबई से आई एक महिला झूठ बोलकर आदित्य रॉय कपूर के घर में घुस गई। ऐसे में पुलिस को बुलाया गया और पुलिस ने उस महिला के खिलाफ एफआईआर दर्ज की।

मुंबई में सोमवार शाम एक हैरान करने वाली घटना हुई। दुबई से आई एक महिला अभिनेता आदित्य रॉय कपूर से मिलने के बहाने उनके बांद्रा स्थित घर में घुस गई। जब यह सब हुआ तब अभिनेता घर पर मौजूद नहीं थे। वह अपनी अपकमिंग फिल्म की शूटिंग करने गए थे। पुलिस के मुताबिक, यह घटना शाम करीब 6 बजे की है।
पुलिस को आदित्य की हाउस हेल्प संगीता पवार ने बताया कि जब उन्होंने दरवाजा खोला तब सामने एक महिला खड़ी थी। महिला ने उससे पूछा कि क्या यह आदित्य रॉय कपूर का घर है? संगीता ने कहा, ‘हां।’ इसके बाद महिला ने बताया कि वह कपड़े और गिफ्ट्स देने आई है तो संगीता ने उसे घर के अंदर आने दिया।
जब संगीता ने महिला से पूछा कि क्या उसने अपॉइन्टमेंट ली थी? तो महिला ने झूठ कहा कि उसकी 6 बजे की अपाॅइन्टमेंट थी। कुछ देर बाद जब आदित्य घर लौटे, तो संगीता ने उन्हें बताया कि एक महिला उनका इंतजार कर रही है। इस पर अभिनेता ने साफ कहा कि वह उस महिला को नहीं जानते हैं और न ही उनकी कोई अपॉइन्टमेंट थी।
ये सुनते ही महिला आदित्य के पास जाने की कोशिश करने लगी। ऐसे में संगीता ने महिला को रोका और बाहर जाने के लिए कहा, लेकिन महिला ने जाने से मना कर दिया। बार-बार कहने के बावजूद जब वह नहीं मानी, तो घर के मैनेजर ने खार पुलिस को सूचना दी।
इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, पुलिस मौके पर पहुंची और महिला को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में उसने अपना नाम गजाला जकारिया सिद्दीकी बताया और कहा कि वह दुबई के लिवान की रहने वाली है। हालांकि, महिला ने पुलिस को कोई ठोस जवाब नहीं दिया कि वह अभिनेता से क्यों मिलना चाहती थी।
पुलिस ने आईपीसी की धारा 448 (गैरकानूनी रूप से घर में घुसना) के तहत मामला दर्ज किया है और महिला को नोटिस थमा दिया गया है। एक अधिकारी ने कहा, “उसके जवाबों से ऐसा लगता है कि उसका इरादा संदिग्ध था इसलिए मामले की जांच जारी है।”
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।