विमान हादसे के मृतकों को ईसाई समुदाय की श्रद्धांजलि, मिला ताबूत बनाने का ऑर्डर;1 रुपए मुनाफा नहीं लेगा
अर्देश ने बताया कि ईसाई समुदाय के पांच से छह स्वयंसेवक उनकी और उनके पिता की मदद कर रहे हैं। स्वयंसेवकों में से एक एल्ड्रिन थॉमस ने बताया कि ताबूत बनाने में समय लगता और एक ताबूत बनाने में दो घंटे लग सकते हैं।

अहमदाबाद में हुई विमान दुर्घटना में मारे गए लोगों के शवों को उनके परिवारों तक सम्मानजनक तरीके से पहुंचाने के लिए ईसाई समुदाय आगे आया है। इनके स्थानीय स्वयंसेवक लकड़ी के 120 ताबूत बनाने में जुटे हुए हैं। ताबूत बनाने वाले अर्देश और उनके पिता मेल्विन राजवाड़ी के नेतृत्व में टीम ने शनिवार दोपहर तक 25 ताबूत तैयार कर लिए थे। इस कार्य में शामिल लोगों ने बताया कि स्वयंसेवक अपने पैसे से सामग्री खरीद रहे हैं और वे उत्पादन लागत से एक रुपया भी ज्यादा नहीं लेंगे।
इस बारे में जानकारी देते हुए अर्देश राजवाड़ी ने कहा, ‘एअर इंडिया ने हमसे संपर्क किया और विमान दुर्घटना के पीड़ितों के शवों (जो वर्तमान में अहमदाबाद सिविल अस्पताल के शवगृह में रखे हैं) को ले जाने के लिए 120 ताबूतों का ऑर्डर दिया। हमने शुक्रवार रात नौ बजे काम शुरू किया और शनिवार दोपहर तक 25 ताबूत तैयार किये। हम आज रात तक 50 ताबूत तैयार कर लेंगे और कंपनी को सौंप देंगे।’
अर्देश ने बताया कि ईसाई समुदाय के पांच से छह स्वयंसेवक उनकी और उनके पिता की मदद कर रहे हैं। स्वयंसेवकों में से एक एल्ड्रिन थॉमस ने बताया कि ताबूत बनाने में समय लगता और एक ताबूत बनाने में दो घंटे लग सकते हैं।
उधर अहमदाबाद में लंदन जा रहे एअर इंडिया के विमान की वजह से हुई दुर्घटना में मृतकों की संख्या शनिवार को बढ़कर 270 हो गई। इसी बीच, केंद्र सरकार ने हादसे के कारणों की जांच के लिए केंद्रीय गृह सचिव की अध्यक्षता में एक उच्चस्तरीय बहु-विषयक समिति गठित की है। शनिवार शाम तक विमान हादसे के कुल 11 मृतकों के डीएनए नमूनों का सफलतापूर्वक मिलान हो चुका है।
सिविल हॉस्पिटल प्रशासन ने बताया कि इनमें से एक शव की पहचान कर ली गई है और उसे सम्मानपूर्वक उसके परिवार को सौंप दिया गया है। डीएनए मिलान की प्रक्रिया पूरी होने के बाद, मृतकों के पार्थिव शरीर उनके परिजनों को सौंपने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
हॉस्पिटल प्रशासन ने बताया कि अहमदाबाद में हुआ एअर इंडिया विमान हादसा अत्यंत दुःखद और स्तब्ध करने वाला है। सिविल हॉस्पिटल प्रशासन इस दुर्घटना में जान गंवाने वाले दिवंगतों के परिजनों के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करता है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।