अमृतसर-दिल्ली नेशनल हाईवे पर खालिस्तानी फ्लैग; मचा हड़कंप, पुलिस की फूली सांस
हरियाणा के अंबाला जिले में अमृतसर-दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग पर बने एक पुल पर शनिवार को खालिस्तानी झंडा मिलने से हड़कंप मच गया। शम्भू टोल प्लाजा के पास बने खालिस्तान समर्थक नारे भी लिखे मिले।

पंजाब में देश विरोधी गतिविधियां जोर पकड़ती नजर आ रही हैं। सिख फॉर जस्टिस के कुख्यात आतंकी गुरपतवंत सिंह पन्नू ने एक बार फिर भारत के खिलाफ जहर उगलते हुए पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को धमकी दी है। उसका कहना है कि पंजाब के घर-घर में बारूद बन रहा है। यह फटेगा और इसमें गृहमंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री भगवंत मान की राजनीतिक मौत होगी। इसी बीच हरियाणा के अंबाला जिले में अमृतसर-दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग पर बने एक पुल पर शनिवार को खालिस्तानी झंडा देखा गया। जैसे ही लोगों को यह झंडा दिखा इलाके में सनसनी फैल गई।
अमृतसर-दिल्ली हाई-वे पर खालिस्तानी झंडे के मिलने की खबर जैसे ही पुलिस को पहुंची। अधिकारियों के होश उड़ गए। आनन फानन में पुलिस मौके पर पहुंची और अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया। पुलिस ने बताया कि अंबाला शहर के पास शम्भू टोल प्लाजा के पास बने पुल पर कुछ खालिस्तान समर्थक नारे लिखे हुए देखे गए। इस संबंध में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस ने झंडा उतार दिया है। नारों को मिटा दिया है। नारे किसने लिखे झंडा किसने लगाया इसकी छानबीन शुरू कर दी गई है।
इस बीच केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने शनिवार को पंजाब की आम आदमी पार्टी की सरकार पर तगड़ा हमला बोला। उन्होंने कहा कि पंजाब में नई सरकार के आने के बाद सूबे में कानून व्यवस्था चरमरा गई है। उसे जगाकर कुछ कदम उठाने की जरूरत है। केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री ठाकुर ने आम आदमी पार्टी का बिना नाम लिए कहा कि वे कहते हैं कि दिल्ली में पुलिस को उनको सौंप दिया जाना चाहिए। पंजाब में पुलिस आपके पास है लेकिन आपने क्या किया है। पंजाब में पिछले एक साल में कानून व्यवस्था चरमरा गई है। बीते एक साल में पंजाब के हालात क्या हो गए हैं? जो घटनाएं हुई हैं, वे क्या संकेत देती हैं?
माना जा रहा है कि केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने पिछले महीने अजनाला घटना के संबंध में उक्त टिप्पणी की। बीते दिनों अजनाला में खालिस्तान समर्थक अमृतपाल सिंह के समर्थक उसके सहयोगी की रिहाई के लिए तलवारें और बंदूकें लेकर पुलिस से टकरा गए थे। केंद्रीय मंत्री ने कहा- पंजाब में जो घटनाएं यहां हुई हैं, वे क्या संकेत देती हैं? जिस पंजाब पुलिस की चर्चा पूरे देश में होती थी। मौजूदा वक्त में उसकी चर्चा किसलिए हो रही है। इसके लिए कौन जिम्मेदार है? मुझे उम्मीद है कि सोई सरकार जागेगी और कुछ कदम उठाएगी।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।