अंबेडकर पर घमासान,शिमला में 25 अप्रैल को कांग्रेस की 'संविधान बचाओ रैली'
- प्रदेश कांग्रेस ने भाजपा के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए 25 अप्रैल को शिमला के चौड़ा मैदान में 'संविधान बचाओ रैली' आयोजित करने का ऐलान किया है। इस रैली के जरिए कांग्रेस प्रदेशभर में भाजपा के खिलाफ जनजागरण अभियान छेड़ेगी।

संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर को लेकर कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी आमने-सामने आ गई हैं। केंद्र में भाजपा सरकार जहां कांग्रेस पर अंबेडकर के अपमान का आरोप लगा रही है वहीं प्रदेश कांग्रेस ने भाजपा के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए 25 अप्रैल को शिमला के चौड़ा मैदान में 'संविधान बचाओ रैली' आयोजित करने का ऐलान किया है। इस रैली के जरिए कांग्रेस प्रदेशभर में भाजपा के खिलाफ जनजागरण अभियान छेड़ेगी।
कांग्रेस पार्टी और प्रदेश सरकार की संयुक्त बैठक मंगलवार को कांग्रेस मुख्यालय शिमला में प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह की अध्यक्षता में हुई। इस बैठक में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू,उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री सहित मंत्रियों, विधायकों और बोर्ड-निगमों के पदाधिकारियों ने भाग लिया। बैठक में रैली की तैयारियों के साथ-साथ प्रदेश स्तर पर चलाए जाने वाले 'संविधान बचाओ अभियान' की रणनीति तैयार की गई।
प्रतिभा सिंह का भाजपा पर हमला
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने कहा कि भाजपा बाबा साहेब अंबेडकर को लेकर झूठा और भ्रामक प्रचार कर रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस बाबा साहेब के विचारों की असली वारिस है और संविधान की रक्षा के लिए हर स्तर पर संघर्ष करेगी। उन्होंने बताया कि 25 अप्रैल को शिमला से शुरू होकर यह अभियान विधानसभा और जिला स्तर तक पहुंचेगा तथा अगले एक वर्ष तक गांव-गांव में चलाया जाएगा।
झूठ फैला रही भाजपा : सीएम सुक्खू
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने बैठक में कहा कि भाजपा के नेता प्रदेश आकर झूठ बोल रहे हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र के मंत्री हिमाचल में भूमि अधिग्रहण को लेकर निराधार आरोप लगा रहे हैं जबकि सच्चाई यह है कि कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में विकास परियोजनाओं की रफ्तार तेज हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि डबल इंजन की पिछली सरकार ने हिमाचल की संपदा को लूटने का काम किया। सुक्खू ने कहा कि कांग्रेस बाबा साहेब के विचारों की रक्षा करेगी और भाजपा के झूठ को जनता के सामने बेनकाब करेगी।
'73 हजार करोड़ की परियोजनाओं में सहयोग नहीं कर रही सरकार'
दूसरी ओर भाजपा की ओर से केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा ने कांग्रेस सरकार पर विकास कार्यों में बाधा डालने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि हिमाचल में केंद्र सरकार की 73 हजार करोड़ की परियोजनाएं चल रही हैं लेकिन राज्य सरकार भूमि अधिग्रहण और डीपीआर तैयार करने में सहयोग नहीं कर रही, जिससे फोरलेन और अन्य प्रोजेक्ट्स की रफ्तार धीमी हो गई है।
कांग्रेस पर अंबेडकर के अपमान का आरोप
अजय टम्टा ने कांग्रेस पर बाबा साहेब अंबेडकर को इतिहास में उचित सम्मान न देने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि नेहरू ने स्वयं अंबेडकर को चुनाव में हरवाने की रणनीति बनाई थी। टम्टा ने कहा कि आज कांग्रेस संविधान की प्रतियां लेकर भ्रम फैला रही है, जबकि प्रधानमंत्री मोदी अंबेडकर के विचारों को जमीन पर उतारने का काम कर रहे हैं।
भाजपा अध्यक्ष बिंदल ने भी साधा निशाना
हिमाचल भाजपा अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि इस पार्टी ने हमेशा गांधी परिवार को आगे रखने के लिए अंबेडकर के योगदान को नजरअंदाज किया। उन्होंने कहा कि आज देशभर में अंबेडकर से जुड़े संस्थानों, संग्रहालयों और विश्वविद्यालयों का निर्माण भाजपा की सरकार के कारण ही संभव हो पाया है।
रिपोर्ट : यूके शर्मा
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।