राजा के घर जाकर खूब रोया सोनम का भाई, कहा- मेरी बहन को फांसी दो, राज पर क्या कहा
मेघालय में मारे गए राजा रघुवंशी के घर बुधवार को अचानक सोनम के भाई गोविंद पहुंच गए। अपनी बहन पर लगे हत्या के आरोप को लेकर गोविंद ने कहा कि यदि वह दोषी है तो उसे फांसी की सजा होनी चाहिए।

मेघालय में मारे गए राजा रघुवंशी के घर बुधवार को अचानक एक फिर उस वक्त मातम और चीख पुकार मच गई जब सोनम के भाई गोविंद वहां पहुंच गए। राजा की मां से गले लगकर गोविंद फूट-फूटकर रोने लगे। अपनी बहन पर लगे हत्या के आरोप को लेकर गोविंद ने कहा कि यदि वह दोषी है तो उसे फांसी की सजा होनी चाहिए। हालांकि, उन्होंने राज के साथ सोनम के प्रेम संबंध या इसकी जानकारी होने से इनकार किया।
सोनम और राजा के शिलॉन्ग में लापता होने के बाद गोविंद राजा के भाई विपिन के साथ मेघालय गए थे। दोनों ने एक साथ कई दिनों तक राजा और सोनम की तलाश की थी। अब शिलॉन्ग से लौटते ही गोविंद ने विपिन के साथ संपर्क किया और उनके परिवार से मिलने की इच्छा जाहिर की। विपिन की रजामंदी के बाद बुधवार दोपहर गोविंद राजा के घर पहुंचे तो हलचल मच गई।
गोविंद ने राजा की मां से मुलाकात की। दोनों गले से लिपटकर रोने लगे। गोविंद ने राजा की मां को सांत्वना देते हुए कहा कि वह उनके साथ है और अदालत में जाकर अपनी बहन को सजा दिलाने के लिए तैयार है। गोविंद ने कहा, 'यदि उसने हत्या की है तो सजा होनी चाहिए। उसे जेल नहीं सीधा फांसी होनी चाहिए। इस परिवार का मैं सदस्य हूं। मैं खुद को इनका सदस्य मानता हूं। जिस दिन मेरी बहन यहां आई थी मैंने इस परिवार को अपना बना लिया था। वह चली गई लेकिन मैं जिम्मेदारी लेता हूं।'
क्या राज और सोनम के बीच अफेयर था? इस सवाल के जवाब में गोविंद ने कहा, 'कोई अफेयर नहीं था। दोनों एक दूसरे को राखी बांधते थे। राज कुशवाहा 2-3 साल से हमारे यहां काम करता था। संपर्क में होगी क्योंकि वह कर्मचारी के तौर पर।' गोविंद ने कहा कि उन्हें उनके बारे में ऐसी कोई जानकारी नहीं थी, होती तो बात यहां तक नहीं पहुंचती। उन्होंने इस बात से भी इनकार किया कि उनकी मां को राज और सोनम के रिश्ते की जानकारी थी।