बांग्लादेश बेच देंगे यूनुस, शेख हसीना का नोबेल विजेता पर बड़ा हमला; UN महासचिव गुटेरेस को भी लपेटा
Sheikh Hasina: शेख हसीना का कहना है कि संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियों गुटेरेस की बांग्लादेश यात्रा के दौरान ही यूनुस के सामने रोहिंग्या कॉरिडोर का विचार रखा गया। इसके बाद ही उन्होंने इस पर प्रस्ताव तैयार करना शुरू किया है।

बांग्लादेश की अपदस्थ प्रधानमंत्री शेख हसीना ने अंतरिम सरकार के प्रमुख मुहम्मद यूनुस पर निशाना साधा है। उन्होंने यूनुस के ऊपर सत्ता में आने के लिए आतंकियों से समर्थन लेने और सत्ता में आने के बाद अपराधों और हिंसा को खुली छूट देने का आरोप लगाया है। इतना ही नहीं हसीना ने यूनुस को देश बेचने वाला बताते हुए कहा कि यूनुस प्रशासन की नीतियां देश की संप्रभुता को बेचने की एक चाल हैं। उन्होंने संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस की बांग्लादेश यात्रा पर सवाल उठाते हुए कहा कि उसी बैठक के दौरान यूनुस को रोहिंग्या कॉरिडोर बनाने का प्रस्ताव दिया गया था।
फेसबुक लाइव पर आवामी लीग के कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए शेख हसीना ने घरेलू मुद्दों पर भी यूनुस सरकार को घेरा कहा, "यूनुस के शासन में बांग्लादेश में महिलाएं सुरक्षित नहीं है। ईद के दौरान कई विदेशी बांग्लादेश आते थे और शहरों में रहने वाले लोग त्योहार मनाने के लिए अपने गांव जाते थे.. जब से यूनुस शासन में आए हैं तब से अब कोई बांग्लादेश नहीं आता.. कोई गांव नहीं जाता.. क्योंकि सभी को डर लगता है कि आतंकवादी उन्हें लूट लेंगे।"
अप्रैल में अप्रैल फूल बनाने की चाल
शेख हसीना ने यूनुस द्वारा अप्रैल में चुनाव कराने की घोषणा पर अपनी बात रखी। उन्होंने यूनुस की मंशा पर सवाल उठाते हुए कहा कि यूनुस द्वारा अप्रैल 2026 में चुनाव कराने की बात कहना लोकतंत्र का मजाक उड़ाने जैसा है। वह अप्रैल में बांग्लादेश का अप्रैल फूल बनाने की योजना बना रहे हैं।
भारत में निर्वासन जीवन जी रही शेख हसीना ने यूनुस प्रशासन द्वारा रोहिंग्या कॉरिडोर प्रस्ताव रखे जाने का भी विरोध किया। उन्होंने यूनुस पर देश की संप्रभुता से खिलवाड़ करने का आरोप लगाते हुए कहा, "यूनुस सेंट मार्टिन द्वीप को बेचने और बांग्लादेश की समुद्र तक पहुंच कमजोर करने के लिए 'रोहिंग्या कॉरिडोर' प्रस्ताव का समर्थन कर रहे हैं। यह विचार संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियों गुटेरेस की यात्रा के दौरान उपजा था। इसके बाद यूनुस ने इसको आगे बढ़ाने की कोशिश करनी शुरू कर दी।
आपको बता दें कि अपदस्थ होने से पहले शेख हसीना ने खुले तौर पर इस बात को बांग्लादेश और दुनिया के सामने रखा था कि एक सफेद व्यक्ति सैंट मार्टिन द्वीप पर अमेरिका को देने का सुझाव लेकर आया था। उन्होंने कहा था कि 2024 में हुए आम चुनावों में उनकी पार्टी को बहुमत मिला था। इस चुनाव पर पश्चिमी देशों ने सवाल उठाना शुरू कर दिया था। अगर वह उस सफेद व्यक्ति को सेंट मार्टिन द्वीप पर एयरबेस बनाने की अनुमति दे देतीं तो फिर पश्चिमी देश चुनाव पर सवाल ही नहीं उठाते।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।