फाइलेरिया उन्मूलन के लिए मतकमबेड़ा तथा अयोध्या में हुआ रात्रि रक्त पट संग्रह
चक्रधरपुर में फाइलेरिया उन्मूलन कार्यक्रम के तहत अध्योध्या और मतकमबेड़ा गांव में रक्त संग्रह किया गया। अध्योध्या में 272 लोगों का रक्त लिया गया। मुखिया कुश पूर्ति ने कार्यक्रम का शुभारंभ किया और...
चक्रधरपुर।फाइलेरिया उन्मूलन कार्यक्रम के तहत चक्रधरपुर प्रखंड के अध्योध्या तथा बंदगांव प्रखंड के मतकमबेड़ा गांव में रात्रि रक्त पट संग्रह कार्यक्रम हुआ। जहां चक्रधरपुर प्रखंड के अध्योध्या में 272 लोगों का रक्त संग्रह किया गया। इधर मतकमबेड़ा गांव में कार्यक्रम का शुभारंभ मुखिया कुश पूर्ति ने किया। इस अवसर पर जिला सलाहकार शशिभूषण महतो ने बताया कि फाइलेरिया एक गंभीर बीमारी है। जिसके परजीवी क्यूलेक्स मच्छर के काटने से फैलते हैं। ये परजीवी लसीका तंत्र को प्रभावित करते हैं और संक्रमण के 10 से 15 साल बाद इसके लक्षण दिखाई देने लगते हैं। शरीर के जिन अंगों पर इसका सबसे ज्यादा प्रभाव पड़ता है उनमें हाथ, पैर, पुरुषों में अंडकोष और महिलाओं में स्तन शामिल हैं।
इस बीमारी के कारण हाथीपांव जैसी गंभीर विकृतियां हो सकती है। जिससे व्यक्ति का जीवन अत्यंत कष्टदायक हो जाता है। इसलिए, समय पर जांच और उपचार करवाना बेहद जरूरी है। वहीं मुखिया कुश पूर्ति ने कहा कि यह कार्यक्रम फाइलेरिया के खिलाफ लड़ाई में एक मील का पत्थर साबित होगा। उन्होंने ग्रामीणों से अपील किया की कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें और अपने रक्त के नमूने जरूर दें। उन्होंने कहा कि सामूहिक प्रयासों से ही हम फाइलेरिया जैसी खतरनाक बीमारी को जड़ से मिटा सकते हैं और अपने गांव को स्वस्थ और खुशहाल बना सकते हैं। इस कार्यक्रम के माध्यम से न केवल फाइलेरिया के प्रसार को रोका जा सकेगा, बल्कि लोगों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता भी बढ़ेगी। इसके अलावा स्वास्थ्य विभाग द्वारा फाइलेरिया की रोकथाम के लिए चलाए जा रहे अन्य कार्यक्रमों, जैसे मच्छरदानी वितरण और दवा वितरण के बारे में भी लोगों को जानकारी दी गई। मौके पर फाइलेरिया लैब अ्स्टिटेंट मनीष सिन्हा, बिनु सिंह लागुरी, दिनेश्वर प्रधान, अजय लकड़ा, चक्रधरपुर अनुमंडल अस्पताल के हलदर महतो, जगन्नाथ प्रसाद महतो समेत बंदगांव एवं कराईकेला प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित थे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।