साइबर क्राइम : तीन से 1.79 लाख की ठगी, शिकायत
देवघर में तीन साइबर ठगी के मामलों में अज्ञात अपराधियों ने 1 लाख 79 हजार रुपए की ठगी की। पीड़ितों ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। ठगी का तरीका यह था कि अपराधियों ने विश्वास में लेकर या झूठी जानकारी...

देवघर, प्रतिनिधि। साइबर ठगी के तीन मामलों में अज्ञात अपराधियों ने 1 लाख 79 हजार रुपए की ठगी कर ली। शनिवार को पीड़ितों ने साइबर थाना में आवेदन देकर अज्ञात अपराधियों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। तीनों घटनाएं अलग-अलग जगहों से सामने आई हैं, परंतु सभी में एक समानता यह है कि अपराधियों ने विश्वास में लेकर या झूठी जानकारी देकर ठगी की घटना को अंजाम दिया। पहला मामला रिखिया थाना क्षेत्र के जरुवाडीह निवासी अलका देवी का है। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि गुरुवार को मोबाइल पर अज्ञात व्यक्ति का फोन आया। उसने खुद को एक कंपनी प्रतिनिधि बताते हुए घर बैठे कलम पैक करने का बिजनेस कर पैसे कमाने की जानकारी दी।
उसने पीड़िता को व्हाट्सएप पर कई वीडियो-फोटो भेजे, जिससे उसके झांसे में आ गई। आरोपी ने उनसे कई प्रकार की व्यक्तिगत और बैंक संबंधित जानकारियां मांगी, जिसे साझा कर दिया। रात करीब 10 बजे उनके बैंक खाते से 84 हजार रुपए अज्ञात व्यक्ति के खाते में ट्रांसफर हो गए। अगली सुबह जब इसकी जानकारी मिली, तो बैंक से संपर्क किया। बैंक अधिकारियों ने बताया कि साइबर ठगी का मामला है, उसके बाद साइबर थाना में शिकायत दर्ज कराई। दूसरा मामला मोहनपुर थाना के कुरुमटांड़ गांव का है। दुलारी कुमारी ने बताया कि हाल ही में मंईयां सम्मान योजना अंतर्गत ऑनलाइन आवेदन किया था। जब लंबे समय तक कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली, तो योजना संबंधी टोल फ्री नंबर पर संपर्क किया। उस समय कोई कॉल रिसीव नहीं हुआ, लेकिन कुछ देर बाद अज्ञात व्यक्ति ने कॉल कर खुद को योजना अधिकारी बताया। योजना की जानकारी के नाम पर उसने जरूरी व्यक्तिगत और बैंक संबंधित जानकारी हासिल की और कुछ ही मिनटों में खाते से 19 हजार 300 रुपए निकाल लिए। वहीं तीसरा मामला नगर थाना क्षेत्र के सुरातिलौना की रुक्मिनी देवी का है। बताया कि उनके खाते से 76 हजार 900 रुपए बिना किसी पूर्व जानकारी या अनुमति के ट्रांसफर कर लिए गए। उन्हें लेन-देन की जानकारी तब हुई जब अपने बैंक स्टेटमेंट की जांच की। तीनों मामलों में पुलिस ने अज्ञात साइबर अपराधियों के खिलाफ शिकायत दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।