सत्संग आश्रम में 10 अनुयायियों का मोबाइल चोरी
देवघर के प्रसिद्ध सत्संग आश्रम में शनिवार रात करीब 10 अनुयायियों के मोबाइल फोन रहस्यमय तरीके से चोरी हो गए। अनुयायियों ने आश्रम प्रबंधन और नगर थाना में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज की...

देवघर, प्रतिनिधि। नगर थाना क्षेत्र स्थित प्रसिद्ध सत्संग आश्रम में शनिवार रात देश के विभिन्न हिस्सों से आश्रम में प्रवास पर आए करीब 10 अनुयायियों के मोबाइल फोन रहस्यमय तरीके से चोरी हो गई। घटना के बाद अनुयायियों ने आश्रम प्रबंधन के साथ-साथ नगर थाना में भी शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस अब मामले की जांच में जुट गई है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। जानकारी के अनुसार, चोरी की यह वारदात आश्रम के उस परिसर में हुई, जहां बाहरी राज्यों से आए श्रद्धालु विश्राम कर रहे थे। मोबाइल चोरी होने वालों में पश्चिम बंगाल, उत्तर प्रदेश और बिहार के पटना से आए अनुयायी शामिल हैं।
सभी अनुयायी सत्संग में भाग लेने और आध्यात्मिक प्रवास के उद्देश्य से आश्रम पहुंचे थे। अनुयायियों के अनुसार, उन्होंने रात को अपने-अपने मोबाइल अपने कुर्ता या चार्जिंग पर लगाकर रखे थे, लेकिन सुबह उठने पर देखा कि उनके मोबाइल गायब हैं। पहले उन्हें लगा कि शायद कोई साथी उपयोग कर रहा होगा, लेकिन जब एक-एक कर सभी के मोबाइल गायब मिले, तो हड़कंप मच गया। पीड़ित अनुयायियों ने तुरंत आश्रम प्रशासन को मामले की जानकारी दी, जिसके बाद नगर थाना में सामूहिक रूप से चोरी की लिखित शिकायत दर्ज कराई गई। नगर थाना पुलिस का कहना है कि शिकायत मिल चुकी है और आश्रम परिसर में मौजूद सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। आशंका जताई जा रही है कि यह कार्य किसी स्थानीय चोर गिरोह का हो सकता है, जो भीड़भाड़ वाले धार्मिक स्थलों को अपना निशाना बनाते हैं। सत्संग आश्रम प्रबंधन की ओर से भी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर समीक्षा की जा रही है। पुलिस तैनात फिर भी चोरी : मिली जानकारी के अनुसार अनुष्ठान में एसपी के आदेश पर कई पुलिस कर्मी को तैनात किया गया है। इसके बाद भी अनुयायियों का मोबाईल पर्स चोरी किया गया है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।