तारगा बस्ती के समीप अज्ञात महिला का शव मिला, हत्या की आशंका
महुदा थाना अंतर्गत तारगा बस्ती के पास जंगल में एक महिला का शव मिला। ग्रामीणों ने पुलिस को सूचित किया। महुदा एवं धर्माबांध पुलिस घटनास्थल पर पहुंची, लेकिन सीमा विवाद के कारण कार्रवाई में देरी हुई।...

महुदा, प्रतिनिधि। महुदा थाना अंतर्गत तारगा बस्ती के समीप स्थित जंगल में गुरुवार की सुबह एक महिला का शव पाया गया। तारगा बस्ती के ग्रामीणों ने जब शव को देखा तो इसकी सूचना महुदा पुलिस को दी। सूचना मिलने के काफी देर बाद महुदा एवं धर्माबांध पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। दोनों थानों की सीमा के बीच में शव मिलने के कारण धर्माबांध ओपी और महुदा थाने की पुलिस सीमा विवाद के कारण कन्नी काट रही थी। कुछ देर बाद धर्माबांध पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि विकास रवानी वहां पहुंचे। उन्होंने बताया कि यह स्थान तारगा की सीमा है और महुदा थाना क्षेत्र में आता है।
इसके बाद महुदा पुलिस शव को कब्जे में लेकर थाना लायी तथा शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए धनबाद भेज दिया। इस संबंध में महुदा थाना के प्रभारी थानेदार मुकेश कुमार सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया शव देखने से हत्या की आशंका प्रतीत हो रही है। महिला के सिर के पिछले हिस्से में गहरी चोट लगी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही सही कारणों का पता चल पाएगा, तभी आगे की कार्रवाई होगी। महिला की उम्र लगभग 35 वर्ष के आसपास होगी। समाचार लिखे जाने तक शव की पहचान नहीं हो पायी है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।