रूपेश वाइस प्रेसिडेंट व रवि भुवानिया बने ज्वाइंट सेक्रेटरी
धनबाद क्लब के नए पदाधिकारियों का चुनाव रविवार को हुआ। रूपेश बंसल वाइस प्रेसिडेंट, रवि भुवानिया ज्वाइंट सेक्रेटरी और विशाल कक्कड़ ट्रेजरर चुने गए। चेतन प्रकाश गोयनका सीनियर वाइस प्रेसिडेंट और अतुल...

धनबाद, प्रमुख संवाददाता। धनबाद क्लब के नए पदाधिकारियों का रविवार को चुनाव हुआ। तीन पदों के लिए मतदान और मतगणना के बाद परिणाम की घोषणा की गई। चुनाव में रूपेश बंसल वाइस प्रेसिडेंट, रवि भुवानिया ज्वाइंट सेक्रेटरी और विशाल कक्कड़ ट्रेजरर चुने गए। इससे पहले चेतन प्रकाश गोयनका सीनियर वाइस प्रेसिडेंट और अतुल डोकानिया सेक्रेटरी पद पर निर्विरोध चुने गए हैं। वहीं पांच कार्यकारिणी सदस्यों का भी चयन निर्विरोध हुआ है। क्लब के कुल 561 सदस्यों ने मतदान में भाग लिया। वाइस प्रेसिडेंट पद पर रूपेश बंसल को 341 और धीरज सिंह को 207 वोट मिले। 13 वोट रद्द हो गए।
ज्वाइंट सेक्रेटरी पद पर रवि भुवानिया को 288 और चेतन तुलस्यान को 265 वोट मिले। आठ वोट अमान्य घोषित किए गए। ट्रेजरर पद के लिए विशाल कक्कड़ को 298 और दिवाकर पोद्दार को 255 वोट मिले। आठ वोट रद्द हो गए। चुनाव को लेकर क्लब परिसर में सुबह ही गहमागहमी का माहौल रहा। देर रात तक मतगणना होने तक सदस्यों का उत्साह बना रहा। परिणाम घोषित होते ही विजेता प्रत्याशियों का फूल-मालाओं और नृत्य के साथ स्वागत किया गया। 11वें राउंड की मतगणना में आया परिणाम: धनबाद क्लब के तीन पदों के लिए हुए चुनाव का 11वें राउंड की मतगणना के बाद परिणाम आया। हर राउंड के परिणाम के साथ लोगों का उत्साह बढ़ता जा रहा था। यह क्रम मतगणना संपन्न होने तक चलता रहा। सीनियर वाइस प्रेसिडेंट चेतन गोयनका ने कहा कि क्लब में बच्चों के लिए बने प्ले जोन को बेहतर करना उनकी प्राथमिकता होगी। इसके लिए युद्ध स्तर पर प्रयास किया जाएगा। सभी सदस्यों के सहयोग से पुरानी कमेटी के कार्यों को आगे बढ़ाते हुए उसे पूरा किया जाएगा। वहीं सेक्रेटरी अतुल डोकानिया ने कहा कि महिला सदस्यों को कार्यकारिणी में शामिल कर एक समिति बनाने, महिलाओं के लिए समय-समय पर कार्यक्रम का आयोजन, वरिष्ठ सदस्यों के लिए विशेष सुविधाएं एवं कार्यकारिणी में स्थान देना प्राथमिकता होगी। मासिक सदस्यता शुल्क पर पुनः विचार और क्लब में खानपान की सेवा और बेहतर बनाने की कोशिश करूंगा। पूर्व सेक्रेटरी संजीव बयोत्रा और पूर्व ट्रेजरर यमेश त्रिवेदी क्लब में शामिल: धनबाद क्लब में चुनाव के साथ रविवार को एजीएम का भी आयोजन किया गया। इसमें क्लब के पूर्व सेक्रेटरी संजीव संजीव बयोत्रा और पूर्व ट्रेजरर यमेश त्रिवेदी को क्लब में वापस लिया गया। दोनों 31 दिसंबर 2023 के वार्षिक कार्यक्रम को लेकर वित्तीय अनियमिता में घिरे थे। एजीएम में दोनों को क्लब में वापस लेने का निर्णय लिया गया। 25 लाख की एफडी: एजीएम के दौरान सेक्रेटरी प्रणय पूर्वे ने सदस्यों को बताया कि कोविड के बाद से धनबाद क्लब 22 लाख रुपए के नुकसान में चल रहा था। नुकसान की भरपाई के लिए 26 लाख रुपए की एफडी तोड़नी पड़ी थी। अब क्लब घाटे से निकलकर मुनाफे में आ गया है। 25 लाख रुपए की एफडी कर दी गई है, जिसका सदस्यों ने तालियां बजाकर स्वागत किया। किस पद पर किसे मिला कितना वोट सीनियर वाइस प्रेसिडेंट : चेतन प्रकाश गोयनका (निर्विरोध) वाइस प्रेसिडेंट : रूपेश बंसल (341), धीरज सिंह (207) सेक्रेटरी : अतुल डोकानिया (निर्विरोध) ज्वाइंट सेक्रेटरी : रवि भुवानिया (288) और चेतन तुलस्यान (265) ट्रेजरर : विशाल कक्कड़ (298) और दिवाकर पोद्दार (255) कार्यकारिणी सदस्य : आलोक अग्रवाल, कमल चौधरी, पंकज कुमार गोयल, सिद्धांत शाहाबादी और विवेक कुमार अग्रवाल (सभी निर्विरोध)
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।