झारखंड में वक्फ बोर्ड कानून लागू नहीं होगा : स्वास्थ्य मंत्री
धनबाद में स्वास्थ्य मंत्री डॉ इरफान अंसारी ने कहा कि झारखंड में वक्फ बोर्ड कानून लागू नहीं होगा। उन्होंने भाजपा पर आरोप लगाया कि पार्टी उनके कौम के खिलाफ साजिश कर रही है और समाज में हिंसा फैला रही है।...

धनबाद, प्रमुख संवाददाता राज्य के स्वास्थ्य मंत्री डॉ इरफान अंसारी ने कहा है कि राज्य में वक्फ बोर्ड कानून लागू नहीं होगा। शनिवार को धनबाद के सरायढेला स्थित कोलाकुसमा में एक निजी कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे मंत्री पत्रकारों से बात कर रहे थे। उन्होंने कहा कि वक्फ बोर्ड कानून के चलते पश्चिम बंगाल में हिंसा की घटनाएं हो रही हैं। लोगों की जान जा रही है। झारखंड के लोगों में भी आक्रोश है। उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि यह पार्टी उनके कौम के खिलाफ साजिश कर रही देश को अशांत कर रही है। भाजपा के पास हमारे कौम का न तो कोई मंत्री है, न विधायक और न ही सांसद है। फिर भी वे हमारे हितैषी बनने का दिखावा क्यों कर रहे हैं। भाजपा के प्रवक्ताओं पर सवाल उठाते हुए कहा कि अचानक उन्हें हमारी कौम के विकास की चिंता क्यों हो रही है। डॉ अंसारी के अनुसार उनका कौम मेहनतकश है। कमाने-खाने और अपने परिवार का भरण-पोषण करने वाले लोग हैं। भाजपा बेवजह उन्हें छेड़ रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा अंग्रेजों की फूट डालो, राज करो की नीति पर काम कर रही है। आनेवाले दिनों में स्थिति विस्फोटक होने वाली है। एक तरफ भाजपा समाज को बांट कर आंदोलन करवा रही है और दूसरी तरफ गैस की कीमत बढ़ाकर आम जनता को परेशान कर रही है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।