दिल्ली को मिलेगा नया पिकनिक स्पॉट, DDA 900 एकड़ में बनाएगा मयूर पार्क; क्या होगा खास
दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए) यमुना डूब क्षेत्र में 371 हेक्टेयर ( 916.7 एकड़) में मयूर प्रकृति पार्क को विकसित करेगा। इस क्षेत्र के संरक्षण को लेकर चल रहीं दस परियोजनाओं में से यह यह सबसे बड़ी है।

दिल्लीवालों के लिए अच्छी खबर है। राजधानी के लोगों को जल्द ही एक और नया पिकनिक स्पॉट मिलने जा रहा है। दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए) यमुना डूब क्षेत्र में 371 हेक्टेयर ( 916.7 एकड़) में मयूर प्रकृति पार्क को विकसित करेगा। इस क्षेत्र के संरक्षण को लेकर चल रहीं दस परियोजनाओं में से यह यह सबसे बड़ी है।
डीडीए के अधिकारियों के अनुसार, मयूर पार्क नदी के 22 किलोमीटर के डूब क्षेत्र में तैयार किया जा रहा है। इससे पहले यमुना डूब क्षेत्र में यमुना वाटिका पार्क और अमृत पार्क को भी प्राधिकरण ने शुरू किया है। मयूर प्रकृति पार्क परियोजना पर 136.8 करोड़ रुपये की लागत आएगी। अक्टूबर-2026 तक इस परियोजना को पूरा करने का लक्ष्य तय किया गया है। इस प्रोजेक्ट के जरिये मयूर प्रकृति पार्क को बारापुला फेज-3 फ्लाईओवर निर्माण और दिल्ली मेट्रो की पिंक लाइन से जोड़ा जाएगा।
ये सुविधाएं मिलेंगी
● पार्क की योजना आठ-नौ विशिष्ट क्षेत्रों में बनाई गई हैं, जो विभिन्न आयु समूहों के लिए विशिष्ट सुविधाओं के साथ तैयार होगी
● बहुउद्देशीय खुले क्षेत्र, मूर्तिकला कोर्ट, जलाशय, साइकिल चलाने की सुविधाएं विशेष रूप से तैयार किए गए योग और ध्यान क्षेत्र, गतिविधि लॉन, बाहरी व्यायाम क्षेत्र और अवलोकन मंच शामिल होंगे
● पार्क में पर्यावरण से जुड़े और अन्य कई समारोह के भी आयोजन किए जाएंगे
● विभिन्न प्रतिमा व कलाकृतियों की भी स्थापना पार्क में की जाएंगी
● लोगों के लिए परिसर में घूमने के लिए साइकिल के स्टेशन भी बनाए जाएंगे
● पक्षियों को देखने के लिए भी पथ सहित कई अन्य सुविधाएं मिलेंगी