धनबाद में 50 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से चली आंधी ने मचाई तबाही
धनबाद में रविवार को आंधी-बारिश ने भारी तबाही मचाई। पेड़ गिरने से सड़कों पर आवागमन बाधित हुआ और बिजली तारों को भी नुकसान पहुंचा। मौसम विज्ञान केंद्र ने अगले दो दिनों में और बारिश की संभावना जताई है।...

धनबाद, प्रमुख संवाददाता धनबाद में मौसम का मिजाज एक बार फिर से बदल गया। रविवार को दोपहर बाद आई आंधी-बारिश ने शहर में तबाही मचाई। जगह-जगह सड़कों पर पेड़ गिर गए, जिससे आवागमन बाधित हो गया। कई जगहों पर पेड़ों की टहनियों ने बिजली तार को नुकसान पहुंचाया। लगभग 50 किलोमीटर की रफ्तार से चली आंधी ने शहर में एक दर्जन से अधिक पेड़ को सड़क पर गिरा दिया।
धनबाद में आंधी के साथ बारिश हुई। कई जगहों पर ओले भी गिरे। गर्मी झेल रहे लोगों को इससे राहत मिली। अचानक तेज हवाओं ने कई पुराने पेड़ों को धराशायी कर दिया। नगर निगम कार्यालय के बाहर एक पुराना पेड़ मुख्य सड़क पर गिर गया। इससे कई लोग बाल-बाल बच गए। लगभग आधे घंटे तक आवागमन भी बाधित रहा। वहीं सिटी सेंटर के बाहर भी पेड़ के गिरने से ट्रैफिक जाम की स्थिति बन गई। डीआरएम चौक से पूजा टॉकिज तक आने वाली सड़क पर भी पेड़ की बड़ी डाली टूटकर गिर गई। इससे सड़क बंद हो गई। नगर निगम की टीम इन पेड़ों को हटाने के लिए देर रात तक मशक्कत करती रही। पॉलीटेक्निक कॉलेज के समीप भी पेड़ टूटकर मुख्य सड़क पर जा गिरा। इस रास्ते से जाने वालों को इससे परेशानी हुई।
------------
लगातार दो दिनों तक बारिश की संभावना
मौसम विज्ञान केंद्र रांची के अनुसार झारखंड में लगातार दो दिनों तक बारिश की संभावना है। बारिश की वजह से धनबाद का अधिकतम तापमान भी गिरकर 35 डिग्री पहुंच गया। अगले दो दिन में होनेवाली बारिश की वजह से अधिकतम तापमान में तीन डिग्री की और गिरावट दर्ज की जाएगी। मौसम विभाग ने इन दो दिनों में तेज आंधी बारिश और वज्रपात की चेतावनी जारी की है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।