लुटेरा गैग के साथ पाथरडीह का युवक गिरफ्तार
जमशेदपुर में लूट, डकैती और छिनतई की घटनाओं को अंजाम देने वाले अंतरराज्यीय गिरोह के सात सदस्यों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में गिरोह का मुख्य सरगना हरप्रीत सिंह और अन्य शामिल हैं।...

धनबाद/जमशेदपुर, हिटी जमशेदपुर में लूट, डकैती और छिनतई जैसी घटनाओं को अंजाम देने वाले अंतरराज्यीय गिरोह के सात सदस्यों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में गिरोह का मुख्य सरगना गोलमुरी निवासी हरप्रीत सिंह उर्फ हैप्पी उर्फ रितिक उर्फ बोनी, हरपाल सिंह उर्फ गबरू, मनप्रीत सिंह, राहुल रजक, परमजीत सिंह उर्फ प्रेम, गुरजीत सिंह उर्फ विशाल उर्फ तक्को के साथ धनबाद के पाथरडीह निवासी माइकल मोर्बिन उर्फ पीयूष सिंह शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर एक पिस्तौल, दो मैगजीन, आठ गोली, एक लोहे का चापड़, एक खंती, एक गुप्ती, दो डिफेंस स्प्रे, तीन मोबाइल, एक बाइक, एक स्कूटी और एक कार बरामद की है।
सिटी एसपी कुमार शिवाशीष ने बताया कि यह एक अंतरराज्यीय गिरोह है, जो जमशेदपुर के अलावा धनबाद, रांची समेत दूसरे राज्यों के शहरों में डकैती, लूट और छिनतई जैसी घटनाओं को अंजाम देता है। गुरुवार देर रात यह गिरोह टेल्को के नीलडीह के पास झाड़ियों में छिपकर किसी घटना को अंजाम देने की फिराक में था। इससे पहले पुलिस ने इन्हें गिरफ्तार कर लिया। मामले में लूटे गए सामान को खरीदने वाले सोनार समेत अन्य लोग फरार चल हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। गिरोह जमशेदपुर, रांची, धनबाद और दूसरे राज्यों के शहरों में भी घटना को अंजाम देता था।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।