मां देशवाली मंदिर को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करे सरकार
धनबाद में जिला पर्यटन विभाग की टीम ने मां देशवाली मंदिर का निरीक्षण किया। यह मंदिर 500 वर्ष पुराना है और हजारों श्रद्धालुओं का आस्था का केंद्र है। ग्रामीणों ने आधारभूत सुविधाओं की कमी को बताया और...

धनबाद, मुख्य संवाददाता जिला पर्यटन विभाग की टीम ने कोयलांचल में ऐतिहासिक एवं धार्मिक महत्व के स्थल मां देशवाली मंदिर कच्ची बलिहारी (वार्ड संख्या 10) का जायजा किया। जिला स्तरीय पर्यटन विशेषज्ञ संतोष कुमार ने मंदिर परिसर का निरीक्षण किया। ग्रामीणों एवं श्रद्धालुओं से विस्तृत चर्चा कर इस धार्मिक स्थल की ऐतिहासिकता और संभावनाओं की जानकारी प्राप्त की। यह दौरा जिला खेल सह पर्यटन नोडल पदाधिकारी उमेश लोहरा के निर्देशन में हुआ। स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि यह मंदिर लगभग 500 वर्षों पुराना है। इसका संबंध राजा शिव प्रसाद के पूर्वजों से है। यह मंदिर आस्था का प्रमुख केंद्र है, जहां प्रतिवर्ष बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल से हजारों श्रद्धालु दर्शन के लिए आते हैं।
युवा विकास मंच के संयोजक संतोष कुमार सिंह ने पूर्व में पर्यटन विभाग को पत्र भेजकर मां देशवाली मंदिर को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की मांग की थी। ग्रामीणों ने पर्यटन विशेषज्ञ को अवगत कराया कि मंदिर में अभी भी आधारभूत सुविधाओं का अभाव है। शीघ्र पेयजल व्यवस्था, प्रवेश द्वार (तोरणद्वार), मंदिर परिसर में पेवर ब्लॉक, शौचालय, स्ट्रीट लाइट, चारदीवारी और पहुंच मार्ग का निर्माण एवं मरम्मत करायी जाए। मंदिर से लगभग 700 मीटर की दूरी पर अवस्थित हाथीडूबा तालाब के जीर्णोंद्धार की मांग की। यहां से श्रद्धालु जल भरकर मां को अर्पित करते हैं। पर्यटन विशेषज्ञ संतोष कुमार ने कहा कि मां देशवाली मंदिर को पर्यटन के नक्शे पर लाना। इस क्षेत्र के लिए एक बड़ी उपलब्धि होगी। यह स्थल धार्मिक, सांस्कृतिक और ऐतिहासिक दृष्टिकोण से अत्यंत समृद्ध है। इसके विकास से स्थानीय अर्थव्यवस्था, रोजगार और क्षेत्रीय पर्यटन को सशक्त बढ़ावा मिलेगा। उमेश लोहरा ने कहा पर्यटन विभाग मां देशवाली मंदिर को प्रस्तावित पर्यटन स्थल के रूप में अधिसूचित करने की दिशा में कार्य कर रहा है। शीघ्र ही इसकी योजना बनाकर आवश्यक कार्यवाही की जाएगी ताकि यह स्थान आध्यात्मिक पर्यटन के रूप में एक महत्वपूर्ण केंद्र बन सके। मौके पर संतोष कुमार सिंह, सूरज महतो, सर्वेश्वर महतो, दुर्वोधन, अर्जुन महतो, गुड्डू महतो, विपिन कुमार दत्ता सहित अनेक श्रद्धालु एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।