श्मशान और कर्बला की जमीन पर तकरार, विवाद ने पकड़ा तूल
गढ़वा के तेतरिया टांड़ में श्मशान और कर्बला की जमीन को लेकर दो पक्षों में विवाद हो रहा है। एक पक्ष का आरोप है कि भूमि पर अवैध कब्जा किया जा रहा है, जबकि दूसरे पक्ष का कहना है कि भूमि अलग है। प्रशासन...

गढ़वा, प्रतिनिधि। नगर परिषद के वार्ड दो स्थित तेतरिया टांड़ की श्मशान और कर्बला की जमीन को लेकर दो पक्षों में विवाद तूल पकड़ने लगा है। दोनों पक्ष की ओर से अपनी-अपनी दलील दी जा रही है। एक पक्ष का आरोप है कि तेतरिया टांड़ की भूमि 15 एकड़ 39 डिसमिल है। उसपर समुदाय विशेष के भूमाफियाओं की ओर से अतिक्रमण का प्रयास किया जा रहा है। उसकी जानकारी सभी वरीय अधिकारियों को दी गई है। आरोप लगाया कि उसके बाद भी भूमि के अतिक्रमण को रोकने की कार्रवाई नहीं की जा रही है। समाजसेवी सुभाष प्रसाद केसरी, सामाजिक कार्यकर्ता सोनू सिंह, भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष उमेश कश्यप, सत्यनारायण प्रसाद, सुगंध कुमार, बादल सहित कई अन्य लोगों ने कहा कि पदाधिकारी अतिक्रमण रोकने को लेकर रूचि नहीं ले रहे।
जिला प्रशासन सरकारी भूमि के अतिक्रमण के मामले में मौन है। उससे भू माफियाओं का मनोबल बढ़ा हुआ है। उससे लोगों में आक्रोश पनप रहा है। समय रहते तत्काल कार्रवाई नहीं की गई तो उसके खिलाफ चरणबद्ध आंदोलन किया जाएगा। उसकी जवाबदेही प्रशासन की होगी। उधर दूसरे पक्ष की ओर से मुस्लिम समाज के लोगों ने कहा कि श्मशान और कर्बला की भूमि अलग-अलग है। पिछले दिनों जिला प्रशासन की उपस्थिति में श्मशान घाट की भूमि का सीमांकन किया गया था। बीच में कुछ असामाजिक तत्व के द्वारा सीमांकन किया हुआ पीलर को तोड़ दिया गया। भविष्य ने किसी तरह का दोनों समुदायों के बीच विवाद न हो उसे देखते हुए पीलर की जगह पर ही स्पॉटिंग पीलर खड़ा किया जा रहा था। उसे कुछ असामाजिक तत्व के द्वारा यह कहा कि भू-माफिया के द्वारा अवैध कब्जा किया जा रहा है। मौके पर महफूज कुरैशी, सिराज खान, फैयाज खान, नैन सिद्दीकी, नसीम खान, अब्दुल छोटा खालिक, शोएब खान सहित अन्य मौजूद थे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।