सिर्फ राजनीतिक लाभ के लिए बिरसा मुंडा के नाम का उपयोग करती है भाजपा : झामुमो
गढ़वा के झामुमो सदस्य धीरज दुबे ने आरोप लगाया है कि भाजपा भगवान बिरसा मुंडा के नाम का उपयोग केवल राजनीतिक लाभ के लिए करती है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने बिरसा की पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि नहीं दी और...

गढ़वा, प्रतिनिधि। झामुमो के केंद्रीय सदस्य धीरज दुबे ने कहा कि भाजपा के लोग धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा के नाम का उपयोग सिर्फ राजनीतिक लाभ के लिए करते हैं। सही मायने में भगवान बिरसा मुंडा से भाजपा को कोई लेना देना नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया है कि भाजपा के नेताओं ने बिरसा मुंडा की पुण्यतिथि पर कोई श्रद्धांजलि अर्पित नहीं की। उन्होंने कहा कि यह पार्टी की आदिवासी समाज के प्रति संवेदनहीनता को दर्शाता है। भाजपा ने आदिवासी नेताओं को सम्मानित करने की बजाय उन्हें नजरअंदाज किया है। गढ़वा जिले में भगवान बिरसा मुंडा की एक भी प्रतिमा स्थापित नहीं थी।
पूर्व मंत्री मिथिलेश कुमार ठाकुर के द्वारा भगवान बिरसा मुंडा के नाम पर आधुनिक पार्क का निर्माण कराया गया, उसमें उनकी प्रतिमा भी लगाई गई। 15 साल शासन करने वाली भाजपा और उनके विधायक को भगवान बिरसा मुंडा का प्रतिमा लगाना तो दूर उनके पुण्यतिथि पर पुष्प अर्पित करना भी जरूरी नहीं लगता है। झारखंड के महान आदिवासी क्रांतिकारी भगवान बिरसा मुंडा की पुण्यतिथि मनाई गई। परंतु भाजपा के लोगों ने कहीं भी भगवान बिरसा मुंडा की तस्वीर पर माल्यार्पण करना भी मुनासिब नहीं समझा। चुनाव के दौरान झारखंड में प्रधानमंत्री सहित भाजपा के जितने भी बड़े-बड़े नेता आते हैं, सभी लोग धरती आबा को याद करते हुए धरती आबा के नाम की दुहाई देते हुए अपने कार्यक्रम को करते हैं। परंतु चुनाव जीत जाने के बाद न तो धरती आबा को और नहीं उनकी धरती झारखंड को याद रखते हैं। आज तक प्रधानमंत्री ने धरती आबा की याद में झारखंड को कुछ भी नहीं दिया। भाजपा के लोग सिर्फ चुनाव के दौरान ही भगवान बिरसा मुंडा को याद करते हैं। इससे यह साबित होता है कि भाजपा का चरित्र कैसा है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।