भाजपा धर्म और जाति के नाम पर समाज को बांट रही है: बंधु तिर्की
पूर्व शिक्षा मंत्री बंधु तिर्की ने भाजपा सरकार पर हमला करते हुए कहा कि कांग्रेस महात्मा गांधी के विचारों पर चलती है। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार संविधान को बदलने की कोशिश कर रही है और समाज को धर्म...

चैनपुर, प्रतिनिधि। पूर्व शिक्षा मंत्री बंधु तिर्की ने शनिवार को चैनपुर प्रखंड मुख्यालय स्थित लूथरन हाई स्कूल के प्रांगण में पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए केंद्र की भाजपा सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी महात्मा गांधी के विचारों से संचालित होती है। जिसने देश को अंग्रेजों की गुलामी से आजाद कराया, लेकिन आज हमें फिर से देश को भाजपा और आरएसएस की विचारधारा से आजाद कराने की जरूरत है। उन्होने कहा कि वर्तमान केंद्र सरकार बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर द्वारा रचित संविधान को बदलने का प्रयास कर रही है। कांग्रेस गांधीवादी विचारों की पार्टी है,जबकि भाजपा गोडसे की विचारधारा को मानने वाली पार्टी है। ऐसे में जनता को तय करना होगा कि वे किस विचारधारा के साथ जाना चाहते हैं।उन्होंने संगठन की मजबूती पर जोर देते हुए कहा कि पार्टी के सभी मंच,मोर्चा और विंग का गठन 15 दिनों के भीतर पूरा कर लिया जाए। संगठन ही पार्टी की रीढ़ होता है। यदि कोई पदाधिकारी समर्पण के साथ काम नहीं करता है,तो उसे पद छोड़ देना चाहिए। कार्यकर्ताओं से उन्होंने विभागीय कार्यों की जानकारी रखने और जनता के सवालों का समाधान करने का आह्वान किया। वक्फ कानून पर बोलते हुए पूर्व मंत्री तिर्की ने कहा कि यह कानून असंवैधानिक है और विशेष समुदाय को टारगेट कर पास किया गया है। भाजपा सरकार धर्म और जाति के नाम पर समाज को बांट रही है। कभी मंदिर, कभी मस्जिद और गिरजाघर के नाम पर।इस दौरान उन्होंने स्थानीय समस्याओं को भी सुना और समाधान का आश्वासन दिया। बैठक में जिलाध्यक्ष चैतु उरांव, सांसद प्रतिनिधि राजनील तिग्गा, प्रखंड अध्यक्ष निरंजन बाड़ा समेत भारी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित थे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।