राजमहल परियोजना में गोलीबारी कांड का खुलासा: दो अपराधी गिरफ्तार, हथियार बरामद
महागामा में 27 मई की रात को राजमहल परियोजना के अंतर्गत खनन कार्य के दौरान अज्ञात अपराधियों ने गोलीबारी की। इस हमले में एक ईसीएल कर्मी घायल हुआ। पुलिस ने विशेष जांच टीम का गठन किया और दो आरोपियों को...

महागामा , एक संवाददाता। रविवार को महागामा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी कार्यालय में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी चंद्रशेखर आजाद ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि बीते 27 मई की रात्रि में राजमहल परियोजना (ईसीएल), ललमटिया थाना क्षेत्र के अंतर्गत पहाड़पुर गांव में खनन कार्य के दौरान कुछ अज्ञात अपराधियों द्वारा गोलीबारी की गई थी। इस घटना का उद्देश्य खनन कार्य में बाधा डालना एवं मजदूरों पर हमला करना था। गोलीबारी की इस वारदात में ईसीएल का एक कर्मी घायल हो गया था। इस संबंध में ललमटिया थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई थी।घटना के गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार के निर्देश पर प्रशिक्षु पुलिस उपाधीक्षक कुमार गौरव के नेतृत्व में एक विशेष जांच टीम (एसआईटी) का गठन किया गया।
गठित टीम ने मानवीय सूचनाओं एवं तकनीकी अनुसंधान के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना में संलिप्त दो अपराधी को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार अपराधी का नाम पटवारी सोरेन,उम्र तकरीबन 25 वर्ष,पिता मंगल सोरेन एवं अजीत हेम्ब्रम,उम्र तकरीबन 27 वर्ष, पिता संझला हेंब्रम दोनों ललमटिया थाना क्षेत्र के हर्रखा के रहने वाले हैं।।गिरफ्तार अभियुक्तों ने पूछताछ के दौरान घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की और अन्य आरोपियों की भूमिका की जानकारी भी दी। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने घटना में प्रयुक्त दो देशी कट्टा, एक जिंदा कारतूस (.303 बोर) और एक मिस फायर कारतूस बरामद किया है। इसके उपरांत दोनों अभियुक्तों को न्यायिक हिरासत में भेजा गया है। साथ ही बताया कि दोनों अभियुक्त पूर्व में भी कई गंभीर आपराधिक मामलों में संलिप्त पाए गए हैं।वहीं छापेमारी दल मे पुलिस निरीक्षक बिरेन्द्र पासवान (बोआरीजोर),पुलिस निरीक्षक उपेन्द्र कुमार महतो (महागामा),पु.अ.नि. रौशन कुमार,पु.अ.नि. धुर्व कुमार ,पु.अ.नि. राजन कुमार राम ,पु.अ.नि. शौरभ कुमार ठाकुर ,पु.अ.नि. अमित मार्की ,पु.अ.नि. पंकज कुमार सिंह सभी थाना प्रभारी, पु.अ.नि. अश्विनी कुमार, प्रभास दास (ललमटिया) तकनीकी शाखा, गोड्डा, थाना सशस्त्र बल। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी चंद्रशेखर आजाद के द्वारा से यह स्पष्ट है कि कानून व्यवस्था बनाए रखने के प्रति जिला प्रशासन पूरी तरह प्रतिबद्ध है। शेष आरोपियों की गिरफ्तारी हेतु अभियान जारी है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।