अहिल्यापुर में डीजे वाहन व मैजिक में टक्कर, भतीजे की मौत, चाचा सुरक्षित
गांडेय अंचल के अहिल्यापुर थाना क्षेत्र में एक सड़क दुर्घटना में 23 वर्षीय अभिषेक कुमार यादव की मौत हो गई। अभिषेक बंगाल से दूध का पाउडर लेकर आ रहा था, तभी एक डीजे वाहन से टकरा गए। दुर्घटना में अभिषेक...

गांडेय, प्रतिनिधि। गांडेय अंचल के अहिल्यापुर थाना क्षेत्र के ताराटांड़-अहिल्यापुर मुख्य मार्ग स्थित प्रोजेक्ट उच्च विद्यालय के बगल में शुक्रवार मध्य रात लगभग 12 बजे सड़क दुर्घटना में एक युवक की मौत हो गई। मृतक युवक की पहचान पश्चिम बंगाल के वर्धमान जिला के कुल्टी थाना क्षेत्र के बराकर निवासी 23 वर्षीय अभिषेक कुमार यादव के रुप में की गई है। शनिवार की सुबह में अहिल्यापुर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल गिरिडीह भेज दिया। पोस्टमार्टम के बाद परिजन शव को लेकर अपने घर चले गए। जानकारी के अनुसार, अभिषेक यादव बंगाल से अपने चाचा के साथ मालवाहक मैजिक में दूध का पाउडर लेकर गांडेय की ओर जा रहा था।
उक्त मैजिक का चालक और मालिक अभिषेक यादव खुद था। गांडेय आने के क्रम में उच्च विद्यालय हाई स्कूल के पास विपरीत दिशा से आ रही एक डीजे वाहन की सीधी टक्कर मालवाहक मैजिक से हो गई। टक्कर होने के बाद मैजिक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित बिजली के पोल तोड़ते हुए एक कटहल के पेड़ से टकरा गया। सड़क दुर्घटना में मैजिक के परखच्चे उड़ गए। जबकि डीजे वाहन में बंधा डीजे की मशीन पूरी तरह सड़क पर बिखर गयी। डीजे वाहन का चालक वाहन लेकर भागने में सफल रहा। आश्चर्य कि बात यह है कि मैजिक में सवार दूसरा व्यक्ति मृतक के चाचा को किसी प्रकार का कोई नुक़सान नहीं पहुंचा उसे सिर्फ हल्की फुल्की चोट आई है। घटना की आवाज सुनकर स्थानीय ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे और स्थानीय पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर अहिल्यापुर थाना प्रभारी गुलाम गौस हुस्सानी दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद अभिषेक यादव को गाड़ी से बाहर निकाला और घायल अभिषेक यादव को गांडेय सीएचसी लेकर पहुंची। सीएचसी में डाक्टरों ने अभिषेक यादव को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मैजिक वाहन और डीजे को जब्त करके थाना ले आई है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।