हजारीबाग की दो पाकिस्तानी बहुओं का नहीं हो पाया लॉन्ग टर्म रिन्यूअल
हजारीबाग में दो पाकिस्तानी महिलाओं की पहचान हुई है, जो लॉन्ग टर्म वीजा पर रह रही हैं। केंद्र सरकार के निर्णय के बाद ये महिलाएं अपनी स्थिति को लेकर चिंतित हैं। एक महिला की शादी 1994 में हुई थी और दूसरी...

हजारीबाग, हमारे प्रतिनिधि। पहलगाम में आतंकी हमले के बाद पाकिस्तानियों को उनके देश वापस भेजने के केंद्र सरकार के फैसले के बाद जिले के विदेश विभाग ने दो पाकिस्तानी महिलाओं की पहचान की है। दोनों महिलाएं पाकिस्तान की बेटी है। लेकिन बहू बनकर हजारीबाग में रह रही है। दोनों पाकिस्तान महिलाएं लॉन्ग टर्म वीजा पर हजारीबाग मे लंबे अरसे से रह रही हैं। इनमें एक बिहार सरकार के कैबिनेट मंत्री रहे एचएच रहमान के छोटे भाई शफीकुर रहमान की पत्नी अनिका रहमान है। जो आजाद नगर में अपने पति के साथ ससुराल में रह रही है। अनिका रहमान की शादी 1994 में हुई थी। इनका लॉन्ग टर्म वीजा 2014 तक है। जिसका रिन्यूअल नहीं हुआ है। इस संबंध में आवेदन दिया गया है। जिस पर रिन्युअल प्रक्रिया चल रही हैं। बताया जाता है कि वह पांच साल से पाकिस्तान नहीं गई है। क्योंकि उनके मायके में कोई नहीं है। दूसरी पाकिस्तानी महिला बारी कालोनी निवासी मिराज अख्तर की पत्नी फातिमा तंजीम है। फातिमा तंजीम की शादी 2010 में हुई थी। उनका लॉन्ग टर्म वीजा 2021 तक है। जिसके रिन्युअल की प्रक्रिया चल रही है। बताया जाता है कि दोनों पाकिस्तानी महिलाओं ने लॉन्ग टर्म वीजा की अवधि समाप्त होने पर आवेदन दिया था। लेकिन दोनों के वीजा आवेदन की संचिका केंद्र और राज्य सरकार के बीच झुल रही है। पहलगाम हमले के बाद भारत सरकार ने जिस तरह पाकिस्तानियों को उनके देश वापस भेजने का निर्णय लिया है। इससे हजारीबाग में रह रहे दोनों पाकिस्तानी महिलाओं के परेशानी खड़ी हो गई है। दोनों ने विदेश विभाग मे जाकर पुलिस के समक्ष कहा है कि वह भले ही पाकिस्तान की बेटी है। लेकिन अब हजारीबाग की बहू है। एसपी अरविंद कुमार सिंह ने बताया कि जिले में दो पाकिस्तानी महिलाओं का पता चला है पर दोनों रिकॉर्डेड हैं।
एक दर्जन बांग्लादेशी की हुई पहचान
केंद्र सरकार के फैसले के बाद पुलिस आफिस के विदेश शाखा विभाग ने एक दर्जन बांग्लादेशियों की पहचान की है। जो लोकनायक जयप्रकाश नारायण केंद्रीय कार के डिटेंशन सेंटर में बंदी थे । इनमें तीन बांग्लादेशी फरार हो गए हैं। जिनकी खोजबीन अभी भी जारी है। पुलिस का मानना है कि जिले में दर्जनों बांग्लादेशी है। जो अवैध रूप से हजारीबाग में रह रहे हैं। उनकी खोज पड़ताल शुरू हो गई है। इसके लिए इंटेलिजेंस का सहारा लिया जा रहा है। सभी थाना प्रभारी अपने अपने स्तर से पाकिस्तानियों और बांग्लादेशियों की पहचान करने में जुटे हैं।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।