पुराने विवाद को लेकर जुगसलाई में चली थी गोली, एक गिरफ्तार
जुगसलाई के मिल्लत नगर में 6 अप्रैल को हुई फायरिंग के मामले में पुलिस ने आरोपी सैफ अली उर्फ राज बच्चा को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने मो. अल्तमश पर फायरिंग की थी। घटना में कोई घायल नहीं हुआ। सैफ का...

जुगसलाई के मिल्लत नगर में 6 अप्रैल को फायरिंग के मामले में पुलिस ने फरार चल रहे आरोपी सैफ अली उर्फ राज बच्चा को गिरफ्तार कर लिया है। गुरुवार को डीएसपी लॉ एंड ऑर्डर मो. तौकीर आलम ने प्रेस वार्ता के दौरान मामले की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सैफ ने मो. अल्तमश पर फायरिंग की थी। हालांकि इस घटना में कोई घायल नहीं हुआ था। घटना के बाद अल्तमश के बयान पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की और आरोपी की तलाश में जुट गई। पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी कपाली स्थित अपने दूसरे आवास में रह रहा है। इसके बाद आरोपी सैफ को कपाली से गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी के पास से घटना में प्रयुक्त देसी कट्टा बरामद किया गया है।
पूर्व से चला आ रहा है विवाद
डीएसपी ने बताया कि अल्तमश और सैफ के बीच विवाद काफी पुराना है। एक साल पूर्व भी सैफ ने अल्तमश पर फायरिंग की थी। इस मामले में भी सैफ को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेजा था। जेल से जमानत पर छूटने के बाद वह काम के सिलसिले में बैंगलुरू चला गया। ईद में वह अपने घर आया था। इस दौरान अल्तमश से उसकी मुलाकत हो गई। पुराना बदला लेने के लिए उसने अल्तमश पर फायरिंग कर दी थी। फिलहाल पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।