बढ़ते अपराध के खिलाफ साकची थाने पर प्रदर्शन, पुलिस को 15 दिन की मोहलत
साकची में बढ़ते अपराध, सट्टेबाजी और पुलिस की निष्क्रियता के खिलाफ लोगों का सब्र टूट गया। सैकड़ों लोगों ने प्रदर्शन किया, पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए और 15 दिन में कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शन के दौरान...

शहर में बढ़ते अपराध, सट्टेबाजी और पुलिस की निष्क्रियता के खिलाफ लोगों के सब्र का बांध टूट गया। गुरुवार को सैकड़ों लोगों ने साकची थाना के बाहर घंटों प्रदर्शन कर नारेबाजी की। पुलिस पर वसूली, मादक पदार्थों के संरक्षण और अपराधियों को शह देने जैसे गंभीर आरोप लगाए। साथ ही 15 दिन में कार्रवाई का अल्टीमेटम दिया। लोगों के गुस्से को देखते हुए पुलिस को थाने का मुख्य गेट बंद करना पड़ा। प्रदर्शनकारी हाथों में बैनर और तख्ती लिए हुए थे, जिनपर पुलिस विरोधी नारे लिखे थे। नेतृत्व करने वालों ने थाने को वसूली का अड्डा करार देते हुए कहा कि जनता की शिकायतों पर कार्रवाई नहीं होती, जबकि अवैध धंधे खूब फल-फूल रहे हैं।
होटलों में अनैतिक कार्य, अवैध कारोबार, अतिक्रमण, नशाखोरी, चोरी, छिनतई और जुए जैसी गतिविधियां बढ़ती जा रही हैं। पैदल मार्च कर पहुंचे थाना परिसर अमित सिंह के नेतृत्व में सुबह 10 बजे लोग बसंत टॉकीज पार्किंग में एकत्रित हुए। यहां से पैदल मार्च करते हुए साकची थाना पहुंचकर प्रदर्शन शुरू किया। उन्होंने मांग की कि थाना क्षेत्र में बढ़ते अपराध पर तत्काल रोक लगे और दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। इधर, साकची पुलिस ने प्रदर्शनकारियों पर आरोप लगाया कि उन्होंने प्रदर्शन के दौरान थाना परिसर में लगे सरकारी बैनर को क्षतिग्रस्त कर दिया। थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन की चुप्पी पर उठे सवाल प्रदर्शनकारियों का कहना है कि साकची में लगातार अपराध बढ़ रहे हैं, लेकिन थाना मूकदर्शक बना हुआ है। चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे चरणबद्ध आंदोलन की राह अपनाएंगे। इस प्रदर्शन से साकची में पुलिस-जनता के बीच टकराव की स्थिति बन गई है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।