अहमदाबाद हादसे के बाद एयर इंडिया की बड़ी तैयारी, फ्लाइट AI 171 के साथ होगा ऐसा
अहमदाबाद में हादसे के बाद एयर इंडिया अब फ्लाइट एआई 171 को लेकर कुछ कदम उठाने जा रही है। क्या है एयर इंडिया का फैसला…

अहमदाबाद हादसे के बाद एयर इंडिया बड़ी तैयारी में जुटा है। जानकारी के मुताबिक कंपनी फ्लाइट नंबर एआई 171 को रिप्लेस करने की तैयारी में है। इसके पीछे का मकसद हादसे की दर्दनाक यादों को मिटाना है। मामले से परिचित अधिकारियों ने इस बात की जानकारी दी है। गौरतलब है कि अहमदाबाद से लंदन जा रहा प्लेन क्रैश हो गया। इससे विमान में सवार 241 लोगों की मौत हो गई। वहीं, एक यात्री जिंदा बच गया है। जिस हॉस्पिटल की मेस पर यह विमान गिरा, वहां भी कई डॉक्टरों और उनके परिजनों की मौत हुई है।
दिया जाएगा नया नाम
इस हादसे के बाद एयर इंडिया कई जरूरी कदम उठाने जा रही है। एक अधिकारी ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि अहमदाबाद से गैटविक (लंदन) की फ्लाइट को नया नाम दिया जाएगा। अब यह प्लेन एआई 171 की जगह, एआई 159 के नाम से जाना जाएगा। अधिकारी के मुताबिक यह बदलाव बहुत जल्द ही नजर आने लगेगा। अधिकारी के मुताबिक फ्लाइट का नंबर बदलने के पीछे एक खास मकसद है। नाम बदलने के बाद लोगों के दिमाग से इससे जुड़ी खराब यादें मिट जाएंगी। इसके अलावा हादसे के शिकार यात्रियों के परिजनों और अन्य लोगों को भी इससे उबरने में मदद मिलेगी। इसको लेकर अभी एयर इंडिया के अधिकारियों की टिप्पणी नहीं आई है।
पहले कब हुआ है ऐसा
इससे पहले साल 2014 में मलेशिया में ऐसा किया गया था। तब मलेशियन एयरलाइंस की कुआलंपुर से बीच चलने वाली फ्लाइट एमएच 370 का नाम बदलकर एमएच 318 कर दिया गया था। फ्लाइट एमएच 370, आठ मार्च, 2014 को राडार से गायब हो गई थी। इस विमान में 239 लोग सवार थे। आज तक इस विमान का पता ही नहीं चला। इसके अलावा लायन एयर ने भी अपनी फ्लाइट जेटी610 का नाम बदलकर जेटी618 कर दिया था। यह विमान 29 अक्टूबर 2018 को जावा के समुद्र में क्रैश हो गया था। इस विमान में चालक दल समेत कुल 189 लोग सवार थे।