jharkhand mausam changed all roads covered with snow due to hailstorm and rainfall झारखंड में मौसम ने मचाई तबाही, बर्फ की सफेद चादर से ढक गया पूरा प्रदेश; 24 घंटे में एक और मुसीबत, Jharkhand Hindi News - Hindustan
Hindi Newsझारखंड न्यूज़jharkhand mausam changed all roads covered with snow due to hailstorm and rainfall

झारखंड में मौसम ने मचाई तबाही, बर्फ की सफेद चादर से ढक गया पूरा प्रदेश; 24 घंटे में एक और मुसीबत

  • Jharkhand Mausam: झारखंड का मौसम गुरुवार को पूरी तरह से बदल गया। पूरे प्रदेश में जगह-जगह बारिश के साथ ओलावृष्टि हुई। इस दौरान तेज हवाएं भी चलीं। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों में बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट जारी किया है।

Mohammad Azam लाइव हिन्दुस्तान, रांचीFri, 11 April 2025 06:33 AM
share Share
Follow Us on
झारखंड में मौसम ने मचाई तबाही, बर्फ की सफेद चादर से ढक गया पूरा प्रदेश; 24 घंटे में एक और मुसीबत

Jharkhand Weather: गुरुवार को झारखंड का मौसम पूरी तरह बदल गया। रांची समेत झारखंड के कई जिलों में गुरुवार को दोपहर से लेकर शाम तक आंधी-बारिश और ओलावृष्टि से जनजीवन प्रभावित हुआ। ओलावृष्टि के कारण झारखंड के कई जिलों में सड़कों और खेतों में बर्फ की सफेद चादर सी जम गई। बारिश के दौरान वज्रपात से पांच लोगों की मौत हो गई, वहीं दो लोग घायल हैं। मौसम विभाग के अनुसार, कई जिलों में करीब 50 किमी की रफ्तार से हवा चली, जिसे कई जगहों पर पेड़ धराशायी हो गए। संताल में कुछ जगहों पर सड़क पर पेड़ गिरने से आवागमन प्रभावित हुआ। वहीं गरज के साथ ओले की बारिश से रबी की फसलों के साथ-साथ आम की फसल को नुकसान पहुंचा है।

उधर, धनबाद समेत संताल के अन्य जिलों में दिन के 3.30 बजे के बाद झमाझम बारिश के साथ ओलावृष्टि हुई। इससे सड़कों पर पानी भर गया। सिंदरी और आसपास में बिजली के तार पर पेड़ गिरने की सूचना है। चासनाला, भौंरा, झरिया सहित कई जगहों पर बिजली के तार टूटे हैं। यहां के तापमान में आठ डिग्री तक की गिरावट आई है। वहीं कोल्हान के पश्चिमी सिंहभूम में बारिश से बिजली बाधित हुई। खास कर राज्य में बंगाल से सटे जिलों समेत आसपास के जिलों में ओलावृष्टि हुई।

गुरुवार को पूर्वी-पश्चिमी सिंहभूम, बोकारो, धनबाद, हजारीबाग, खूंटी, रांची, रामगढ़, गिरिडीह और संताल परगना के जिलों में ओलावृष्टि और तेज हवा के साथ बारिश हुई। बारिश वाले क्षेत्रों में अधिकतम तापमान गिर गया है, जिसे लोगों को गर्मी से राहत मिली है। मौसम विभाग रांची के वैज्ञानिक अभिषेक आनंद के अनुसार, राज्य में अगले 24 घंटों के दौरान कई जिलों में ओलावृष्टि के साथ तेज हवा और बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान कही कहीं वज्रपात की घटनाएं हो सकती हैं।

हजारीबाग के पदमा में तीन और चुरचू में एक की मौत

हजारीबाग जिले के पदमा में वज्रपात से तीन लोगों की मौत हो गई। वहीं चुरचू के आंगो में भी एक युवक की मौत की सूचना है। इसके अलावा गुमला में एक की मौत हो गई। हजारीबाग के एक समेत दो लोग घायल भी हो गए। रामगढ़, लोहरदगा, मेदिनीनगर, हजारीबाग भी शाम में झमाझम बारिश हुई।

किन जिलों में कितनी बारिश

पिछले 24 घंटों के दौरान सबसे अधिक बारिश मेदिनीनगर में 35.8 मिमी बारिश हुई। जबकि रामगढ़ में 31.5 मिली बारिश हुई। इसके अलावा रांची में 7.6 मिमी, बोकारो में 5.0 मिमी, गुमला में 14.0 मिमी, हजारीबाग में 11.0 मिमी, गिरिडीह 5.0 मिमी, गढ़वा में 4.5 मिमी पश्चिमी सिंहभूम में 2.0 मिमी बारिश हुई।

ओलावृष्टि से रबी और आम की फसलों को भारी नुकसान

हजारीबाग, धनबाद, गढ़वा, रामगढ़ और बोकारो समेत अन्य जिलों में ओलावृष्टि के कारण खेतों में रबी की पकी फसलों के साथ-साथ आम की फसल को नुकसान पहुंचा है। इसमें चने, मटर के साथ तेलहन की फसलें भी शामिल हैं। लोहरदगा में भी तैयार गेहूं के फसल को नुकसान हुआ है।

खेतो में टमाटर, बैगन, फुलगोभी, पत्तागोभी समेत लत्तरवाली सब्जियों में कद्दू, कोहरा, करैला, झिंगनी, नेनुआ, सेम जैसे सब्जी भी ओलावृष्टि की चपेट में आकर बर्बाद हो गए हैं। वहीं आम और लीची के फलों को ओलावृष्टि के साथ तेज हवा ने बर्बाद कर दिया है।

अधिकतम तापमान में आठ डिग्री तक गिरावट

राज्य के कई जिलों में बारिश के कारण अधिकतम तापमान में चार से आठ डिग्री तक गिरावट दर्ज की गई। इससे लोगों को गर्मी से काफी हद तक राहत मिली है। गुरुवार को रांची का तापमान 4 डिग्री नीचे गिरकर 31.2 डिग्री दर्ज किया गया। रांची का अधिकतम तापमान सामान्य से चार डिग्री नीचे हैं। राज्य के अधिकांश जिलों का अधिकतम तापमान सामान्य से नीचे चल रहा है। रांची का अधिकतम तापमान सामान्य से करीब चार डिग्री नीचे हैं। मौसम विभाग के अनुसार राज्य में अगले 24 घंटों के दौरान तापमान में और गिरावट आ सकती है। लेकिन शनिवार इसमें मामूली वृद्धि होगी।