झारखंड में 5 दिन गर्मी की छुट्टी! आज कई जिलों में बारिश के आसार, 10 डिग्री गिरा तापमान
Jharkhand Weather: मौसम ने अगले पांच दिनों तक के लिए राजधानी सहित राज्य में गर्मी की छुट्टी कर दी है। इस दौरान मौसम में बदलाव का सिलसिला जारी रहेगा, जिससे गर्मी से राहत मिलेगी। अधिकतम तापमान में ज्यादा बदलाव नहीं होगा।

Jharkhand Weather: मौसम ने अगले पांच दिनों तक के लिए राजधानी सहित राज्य में गर्मी की छुट्टी कर दी है। इस दौरान मौसम में बदलाव का सिलसिला जारी रहेगा, जिससे गर्मी से राहत मिलेगी। अधिकतम तापमान में ज्यादा बदलाव नहीं होगा। हालांकि, राज्य में अगले 24 घंटे के दौरान तेज हवा के साथ कहीं-कहीं ओलावृष्टि और कई जगहों पर बारिश होने का पूर्वानुमान व्यक्त किया गया है। राजधानी समेत राज्य के विभिन्न हिस्सों में सोमवार को दिन के दौरान गर्मी रही। लेकिन, शाम होते ही मौसम में बदलाव हुआ।
राजधानी समेत राज्य के कुछ हिस्सों में तेज हवा के साथ बारिश भी हुई। इससे मौसम में ठंडक आई और लोगों को गर्मी से राहत मिली। पिछले 24 घंटे के दौरान पलामू, घाटशिला, चाईबासा और शाम में रांची के कुछ इलाकों में हल्की बारिश हुई। रविवार से हुए मौसम में बदलाव के कारण राजधानी समेत राज्य के विभिन्न जिलों के तापमान में 3 से 10 डिग्री तक गिरावट आई है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, अगले 5 दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में कोई बदलाव होने की संभावना नहीं है। इस दौरान मौसम ठंडा और अनुकूल रहेगा।
राजधानी का अधिकतम तापमान सोमवार को भी 32.8 डिग्री दर्ज किया गया। यह सामान्य तापमान से 4 डिग्री कम है। राज्य में सबसे अधिक तापमान 37.4 डिग्री मेदिनीनगर का रहा। राज्य के अधिकांश जिलों का अधिकतम तापमान औसत से पांच डिग्री तक कम है।
जिलों के कहां कितना रहा तापमान
रांची 32.5
मेदनीनगर 37.4
जमशेदपुर 34.5
बोकारो 34.1
चाईबासा 35.4
गढ़वा 35.6
गोड्डा 30.9
पाकुड़ 29.4
रांची के मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने कहा, "राजधानी समेत झारखंड में अगले पांच दिनों के दौरान मौसम में बदलाव होता रहेगा। अगले 24 घंटे के दौरान राजधानी सहित राज्य में कहीं-कहीं ओलावृष्टि के साथ तूफानी हवा चलने की संभावना है। इस दौरान राज्य के विभिन्न हिस्सों में हल्के से मध्यम स्तर की बारिश होने संभावना है।"