10 गांवों में बाल श्रम उन्मूलन को लेकर चला अभियान, 280 बच्चों ने लिया भाग
बाल श्रम उन्मूलन दिवस पर राष्ट्रीय झारखंड सेवा संस्थान ने कोडरमा जिले में जागरूकता अभियान चलाया। 280 बच्चों ने प्रभातफेरी, चित्रांकन प्रतियोगिता, नुक्कड़ नाटक और क्विज में भाग लिया। कार्यक्रम में बाल...

मरकच्चो, निज प्रतिनिधि। बाल श्रम उन्मूलन दिवस के अवसर पर राष्ट्रीय झारखंड सेवा संस्थान द्वारा कोडरमा जिले के सिमरिया एवं चोपनाडीह पंचायत के 10 बाल मंचों के माध्यम से जागरूकता अभियान चलाया गया। इस अभियान में लगभग 280 बच्चों ने सक्रिय भागीदारी की। कार्यक्रम की शुरुआत प्रभातफेरी से हुई, जिसमें बच्चों ने हाथों में जागरूकता संबंधी तख्तियां लेकर नारे लगाए और गांव की गलियों में भ्रमण कर लोगों को बाल श्रम के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया। इसके पश्चात चित्रांकन प्रतियोगिता, नुक्कड़ नाटक, क्विज और गीत जैसे कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। क्विज प्रतियोगिता में बच्चों ने बाल श्रम से जुड़े विषयों पर अपने ज्ञान का प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता के विजेताओं में प्रथम स्थान: अंशु कुमारी (झलकडीह), द्वितीय स्थान: ज्योति कुमारी (झलकडीह), तृतीय स्थान: अंजली कुमारी (जगदीशपुर) रही। चित्रांकन प्रतियोगिता में बच्चों ने रंगों के माध्यम से बाल मजदूरी के दुष्परिणामों को चित्रित किया। वहीं नुक्कड़ नाटक और गीत के माध्यम से उन्होंने यह संदेश दिया कि गरीबी, अशिक्षा और जागरूकता की कमी किस प्रकार बच्चों को बाल मजदूरी की ओर धकेलती है, और यह कि समाज मिलकर इस कुप्रथा को समाप्त कर सकता है। इस मौके पर बाल संरक्षण समिति के सदस्य, अभिभावक, सेविका, सहिया और शिक्षकगण भी उपस्थित थे। सभी ने मिलकर बाल श्रम के खिलाफ संकल्प लिया और बच्चों को शिक्षा, सुरक्षा और सम्मान दिलाने की शपथ दोहराई। कार्यक्रम को सफल बनाने में मुखिया पूनम कुमारी, सुमंत कुमार, निर्भय कुल, रविंद्र नाथ मंडल, सुरेश राय, राजेंद्र राम, शक्ति कुमार, अरविंद कुमार, उषा कुमारी, सूरज शर्मा, निशा कुमारी, गायत्री कुमारी, बेबी कुमारी, पुतुल कुमारी, रूबी कुमारी, सरिता कुमारी, करिश्मा कुमारी, अमन कुमार, नीतू कुमारी, प्रीति कुमारी, अंजली कुमारी का योगदान रहा।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।