निर्माणाधीन नरेगा कूप ढहने से मजदूर की दबकर मौत
लोहरदगा के बगडू थाना क्षेत्र में नरेगा से बन रहे एक कूप के धंसने से 55 वर्षीय मजदूर चंद्रप्रकाश उरांव की मौत हो गई। बारिश के कारण मिट्टी कमजोर होने से हादसा हुआ। परिवार में दो बेटे हैं और चंद्रप्रकाश...

लोहरदगा, संवाददाता। लोहरदगा के बगडू थाना क्षेत्र में नरेगा से बन रहे कूप के धंस जाने से एक मजदूर की मलबे में दबकर मौत हो गयी। नीचे बगडू निवासी सुनील उरांव का सिंचाई कूप नरेगा से बन रहा है। जिसमें बुधवार सुबह छह बजे से ही सात मजदूर काम कर रहे थे। हादसा सुबह करीब सात बजे हुआ। स्थानीय निवासी 55 वर्षीय चंद्रप्रकाश उरांव कुएं में अन्य मजदूरों के साथ नीचे उतरकर काम कर रहा था। कयास लगाया जा रहा है कि पिछले कुछ दिनों से हो रही बारिश की वजह से निर्माणाधीन कूप के चारों ओर की मिटटी ढीली और कमजोर पड़ गयी।
दबाव नहीं झेल पाने के कारण निर्माणाधीन कूप ध्वस्त हो गया। मलबे में दबे चंद्रप्रकाश को अन्य मजदूरों ने ही मलबा हटाकर बाहर निकाला। सदर अस्पताल में चिकित्सकों ने मजदूर की मृत्यु की पुष्टि कर दी। घटना के बाद पीड़ित मजदूर परिवारों का रो रो कर बुरा हाल है। जानकारी अनुसार मृतक मजदूर चंद्रप्रकाश उरांव के दो पुत्र हैं और मजदूर चंद्र प्रकाश उरांव घर में अकेले कमाने वाला था और मजदूरी करके अपने घर के लिए रोटी की जुगाड़ करता था। घटना के बाद पीड़ित परिवार के ऊपर मुसीबतों का पहाड़ टूट पड़ा है। मृतक मजदूर चंद्र प्रकाश उरांव के शव के पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। लाभुक सुनील उरांव ने बताया कि कूप निर्माण का काम आधा से अधिक हो चुका है, लेकिन अबतक फूटी कौड़ी नहीं भुगतान हुआ है। लाभुक के साथ-साथ गरीब मजदूर पारिश्रमिक मिलने की बाट जोह रहे हैं। इस हादसे ने सरकारी व्यवस्था की बदइंतजामी, खासकर नरेगा के क्रियान्वयन में लापरवाही और उदासीनता की पोल खोलकर रख दी है। गौरतलब है कि पिछले साल भी इसी मौसम में निर्माणाधीन कूप ढह जाने से सेन्हा प्रखंड में तीन मजदूरों की जान चली गई थी। इन हादसों से भी सरकारी तंत्र नहीं चेत रहा है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।