ये कमी दूर होते ही खाते में आने लगा पैसा, 20 हजार के खातों में सरकार ने भेजे मंईयां सम्मान योजना के 2500 रुपए
Maiyan Samman Yojana: झारखंड मंईयां सम्मान योजना पर बड़ा अपडेट सामने आया है। हेमंत सोरेन सरकार ने नए आधार सीडिंग वाले खातों में भी पैसे भेजने शुरू कर दिए हैं।

झारखंड की मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के तहत मिलने वाले पैसे अब ऐसी लाभार्थियों के खातों में भी आने लगे हैं, जिन्होंने अपनी आधार सीडिंग करवा ली है। मिली जानकारी के अनुसार, पूर्वी सिंहभूम जिले के 20 हजार ऐसी ही महिला लाभार्थियों के खाते में मंईयां सम्मान योजना के अंतर्गत अप्रैल की 2500 रुपए की राशि सीधे ट्रांसफर कर दी गई है। जिला प्रशासन द्वारा की गई इस प्रक्रिया में उन्हीं लाभुकों को राशि भेजी गई है, जिनके बैंक खाते आधार से सीड किए गए हैं। इस भुगतान के जरिए कुल पांच करोड़ रुपए की राशि लाभुकों को ट्रांसफर की गई है।
क्यों होल्ड कर दिया गया था पैसा
मंईयां सम्मान योजना के तहत मिलने वाला पैसा सरकार ने होल्ड कर दिया था। जिले में कुल 77,066 लाभार्थियों के खाते डॉक्यूमेंट में गलती और आधार सीडिंग की कमी के कारण पहले होल्ड कर दिए गए थे। इनमें से दस्तावेज जांच में सही पाए जाने के बाद 20 हजार लाभार्थियों को अप्रैल माह की राशि भेजी गई है। शेष लाभुकों को भी राशि प्राप्त करने के लिए अपने बैंक खातों में आधार सीडिंग जल्द से जल्द कराने की सलाह दी गई है। इसके बाद तुरंत ही पैसा महिला लाभार्थियों के खातों में आना शुरू हो जाएगा।
प्रखंडवार देखें तो मानगो अंचल से 7,517, गोलमुरी सह जुगसलाई से 12,368, जमशेदपुर अंचल से 14,662 और पोटका से 9,174 लाभुकों के खाते होल्ड किए गए थे। वहीं, घाटशिला में 4,854, चाकुलिया अंचल में 674, चाकुलिया प्रखंड में 4,217, बहरागोड़ा में 7,788, गुड़ाबांदा में 2,260, बोड़ाम में 2,614, धालभूमगढ़ में 3,043, डुमरिया में 1,993, मुसाबनी में 2,509 और पटमदा में 3,393 लाभुकों के खातों में त्रुटियों के कारण राशि रोकी गई थी। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जब तक आधार सीडिंग की प्रक्रिया पूर्ण नहीं की जाती, तब तक राशि ट्रांसफर नहीं की जा सकेगी।