पोस्टमार्टम में महिला के शव से निकली गोली
हिरणपुर के आसनजोला में 19 वर्षीय विवाहिता सनोति मरांडी के शव से पोस्टमार्टम के दौरान एक बुलेट बरामद हुआ है। पहले पुलिस ने हत्या को धारदार हथियार से होने का मान लिया था। अब पुलिस हर पहलू की बारीकी से...

हिरणपुर। केंदुआ के आसनजोला से 19 वर्षीय विवाहिता सनोति मरांडी के बरामद शव मामले में नया मोड़ आया है। पोस्टमार्टम के दौरान डॉक्टर ने महिला के शव के गर्दन के पास से एक बुलेट(बंदूक की गोली) बरामद किया है। इसकी पुष्टि सदर अस्पताल के डॉक्टर प्रीतम मरांडी ने की है। अब तक पुलिस इसे धारदार हथियार से जख्मी कर हत्या मान रही थी। अब जब महिला के शव से बुलेट बरामद हुआ तो पुलिस के कान खड़े हो गए हैं। पुलिस अब हत्यारे का पता लगाने के लिए हर एक बिंदु पर बारीकी से जांच कर रही है। सवाल ये कि आखिर इतनी बड़ी वारदात को हत्यारे ने क्यों और कैसे अंजाम दिया। पुलिस महिला के फोन डिटेल्स के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है। हालांकि पुलिस को मौके ए वारदात से फोन बरामद नहीं हुआ था। उधर रविवार को शव का पोस्टमार्टम कराए जाने के बाद शव को परिजनों को सौंप दिया गया। परिजनों ने विधि विधान से उसका अंतिम संस्कार किया। गौरतलब हो कि आसनजोला फुटबॉल मैदान से उक्त महिला का शव होने की जानकारी पुलिस को ग्रामीणों ने दी थी। पुलिस ने घटनास्थल पर जाकर शव को कब्जे में लिया था। ग्रामीण सूत्रों के अनुसार कुछ दिन पहले ही मृतक महिला के पति की मृत्यु हुई थी। तब से महिला अपने मायके में ही रह रही थी। बीते शुक्रवार रात को घर से बाहर निकली और शनिवार को उसका शव बरामद किया गया। खबर लिखे जाने तक मृतक महिला के पिता ने थाने में लिखित शिकायत कर आरोपियों को पकड़ने की गुहार लगाई है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।