उन्नत खेती के लिए स्वस्थ मिट्टी अत्यंत आवश्यक- डॉ विभाष वर्मा
- मांडू प्रखंड के 3 गांव सोनडीहा, नावाडीह और बड़गाव में एक दिवसीय किसान जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन

वेस्ट बोकारो, निज प्रतिनिधि। कृषि विज्ञान केंद्र, रामगढ़ ने विकसित कृषि संकल्प अभियान के तहत मांडू प्रखंड के 3 गांवों सोनडीहा, नावाडीह और बड़गाव में एक दिवसीय किसान जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया। इस अभियान के अंतर्गत किसानों के बीच फ्री खरीफ फसल के जागरूकता के लिए कृषि विज्ञान केंद्र ने रामगढ़ जिले के 90 गांव का चयन किया था। कार्यक्रम को सफलतापूर्वक आयोजन करने के लिए कृषि विज्ञान केंद्र ने 2 वैज्ञानिक दलों का गठन किया था। कार्यक्रम में कृषि विज्ञान केंद्र, रामगढ़ के प्रधान डॉ सुधांशु शेखर ने अभियान की आवश्यकता और उपयोगिता को रेखांकित करते हुए पशुपालन को समेकित कृषि प्रणाली का आवश्यक अंग बताया।
उन्होंने रोग प्रबंधन की वैज्ञानिक जानकारी साझा करते हुए किसानों से कृषि विज्ञान केंद्र से जुड़कर प्रशिक्षण प्राप्त करने की अपील की। केंद्रीय वर्षाश्रित उपराऊ चावल अनुसंधान केंद्र से आए कृषि वैज्ञानिक डॉ विभाष वर्मा ने धान की उन्नत प्रजातियों, खरपतवार नियंत्रण और वैज्ञानिक खेती की विधियों पर विस्तृत जानकारी दी। कृषि विज्ञान केंद्र के विशेषज्ञ डॉ इंद्रजीत ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, किसान क्रेडिट कार्ड, और अन्य योजनाओं की जानकारी दी तथा किसानों को इन योजनाओं का लाभ लेने का आग्रह किया। केन्द्र के मौसम पर्यवेक्षक शशिकांत चौबे ने मौसम आधारित खेती की विधियों और पूर्वानुमान आधारित कृषि सलाहों के पालन की सलाह दी। साथ ही मौसम आधारित खेती के लिए मोबाइल में मेघदूत ऐप एवं वज्रपात के पूर्वांनुमान कि जानकारी के लिए दामिनी ऐप के उपयोग की महत्ता को समझाया। कार्यक्रम में प्रखंड तकनीकी प्रबंधक धर्मजीत कुमार ने किसानों को आत्मा योजना और प्रखंड स्तर पर मिलने वाले कृषि लाभों के सही उपयोग की जानकारी दी। भीएल डब्लू के विकास कुमार ने खरीफ में खाद के लिए हरी खाद के रूप में दीघा एवं ढ़ईचा का प्रयोग करने के लिए प्रेरित किया। प्रखंड सहायक तकनीकी प्रबंधक गजानन्द सिंह और पंचायत प्रतिनिधियों ने किसानों को वैज्ञानिक सलाहों को अपनाने और वैज्ञानिक दृष्टिकोण से खेती करने की प्रेरणा दी। इस जागरूकता कार्यक्रम में मांडू प्रखंड के विभिन्न गांव से 470 से अधिक किसानों ने भाग लिया। किसानों ने वैज्ञानिकों से सीधे संवाद कर अपने प्रश्नों का समाधान प्राप्त किया।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।